बेगूं में साध्वी मंडल का मंगल प्रवेश, 26 जुलाई को वेणी यश साधना संस्थान में होगा चातुर्मास प्रवेश
बेगूं में साध्वी मंडल का मंगल प्रवेश हुआ। 26 जुलाई 2026 को वेणी यश साधना संस्थान में चातुर्मास मंगल प्रवेश से पहले धार्मिक आयोजनों की तैयारियां तेज हैं।

बेगूं में विहार के दौरान श्रावक-श्राविकाओं के साथ उपस्थित जैन साध्वी मंडल।
बेगूं में श्रमणसंघीय साध्वी श्री यश कंवर जी महाराजसा की सुशिष्या साध्वी मणि प्रभा, साध्वी सुमन प्रभा एवं साध्वी रुचिकाश्री आदि ठाणा-3 का बुधवार को बलवंत नगर से विहार कर सुख शांति नगर में मंगल प्रवेश हुआ। जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने जयकारों के साथ साध्वी मंडल की अगवानी की। वर्तमान में साध्वी मंडल सुख शांति नगर स्थित श्यामलाल कांवड़िया के निवास पर विराजमान है।
हीरा शोरूम (दिनेश पितलिया) हॉल में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी मणि प्रभा म.सा. ने कहा कि आने वाले चातुर्मास का सभी श्रद्धालुओं को अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने प्रवचन में आत्मा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य जीवन मोक्ष मार्ग की साधना का सर्वोत्तम अवसर है। ज्ञान, ध्यान, तप और त्याग के माध्यम से संचित कर्मों का क्षय कर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।
धर्मसभा के दौरान पूज्या अभिलाषा श्रीजी ने गुरुणी मैया के गुणों का यशगान किया, जबकि साध्वी मणि प्रभा म.सा. ने आचार्य श्री विजयराज जी महाराज के गुणों का वर्णन किया। दोनों महासतियों का स्नेहपूर्ण मिलन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का संचालन नवनीत पगारिया ने किया। इस अवसर पर साध्वी श्री ने श्री वेणी यश जैन नवयुवक मंडल की ओर से विहार सेवा में दिए गए सहयोग के लिए युवाओं को साधुवाद, आशीर्वाद एवं धन्यवाद दिया।
साध्वी मंडल 16 जुलाई की सुबह सुख शांति नगर से विहार कर रिद्धि-सिद्धि नगर पहुंचेगा, जहां सुशील जी एवं अनिल सुराणा (कदवासा वाले) के निवास पर प्रवास रहेगा। इसके बाद 17 जुलाई की सुबह विहार कर साध्वी मंडल बेगूं नगर स्थित सिद्ध भवन पहुंचेगा।
सिद्ध भवन में प्रतिदिन सूर्योदय के समय प्रार्थना, सुबह 9 से 10 बजे तक प्रवचन, दोपहर में ज्ञान चर्चा तथा सूर्यास्त के समय प्रतिक्रमण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे। साध्वी मंडल का चातुर्मास हेतु मंगल प्रवेश 26 जुलाई 2026 को वेणी यश साधना संस्थान में होगा। इसके लिए जैन संघ द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। चातुर्मास के आयोजन को लेकर समाज में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
