बेगूँ: बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए 82 को लगा एचपीवी टीका
राजस्थान सरकार की पहल पर बेगूँ ब्लॉक के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 43 बालिकाओं का सफल टीकाकरण किया गया, अब तक कुल 82 छात्राओं को सुरक्षा कवच मिला।

बेगूँ के राजकीय अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में एक छात्रा को एचपीवी का टीका लगाया गया।
खंड बेगूँ क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। 25 अप्रैल 2026 को आयोजित सत्र में एसडीएच बेगूँ, सीएचसी चेची, सीएचसी काटुंदा एवं सीएचसी पारसोली पर एक साथ 43 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही अब तक आयोजित दो सत्रों में कुल 82 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋतुराज कृष्णिया ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि निजी संस्थानों में इसकी लागत लगभग ₹6000 तक होती है।
अभियान के सफल संचालन में एसडीएच बेगूँ के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. दिनेश धाकड़, डॉ. धीरेंद्र नागर, सीएचसी पारसोली के डॉ. रवि धाकड़ व डॉ. सोनू योगी, सीएचसी काटुंदा के प्रभारी डॉ. महेश मीणा व डॉ. मेघराज कुड़ी तथा सीएचसी चेची के डॉ. अमित कुमार व डॉ. सुरेंद्र कुमार सैनी सहित टीकाकर्मी सुष्मीता शर्मा, आशा जैन, संगीता कुमावत एवं विजया राव का विशेष योगदान रहा।
सभी कार्मिकों ने समन्वय स्थापित करते हुए बालिकाओं का सुरक्षित एवं व्यवस्थित टीकाकरण सुनिश्चित किया। अभियान के दौरान राजकीय एवं निजी विद्यालयों में पहुंचकर बालिकाओं एवं अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के लाभों की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा खंड बेगूँ क्षेत्र में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है और पात्र बालिकाओं से समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की गई है, जिससे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को प्रभावी बनाया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
