बेगूँ उप जिला चिकित्सालय में आरएमआरएस बैठक, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने पर निर्णय
विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में नई बायोकेमिस्ट्री मशीन खरीदने, पार्किंग सुधार और नवनिर्मित वार्डों में एसी लगाने का प्रस्ताव पारित हुआ।

बेगूँ उप जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण करते विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, एसडीएम अंकित सांमरिया और अन्य अधिकारी। बैठक के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु मौका मुआयना किया गया।
बेगूँ। उप जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ की अध्यक्षता में आरएमआरएस (रोगी कल्याण समिति) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में अस्पताल परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अव्यवस्थित रूप से लगे विद्युत पोल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सालय भवन के रंग-रोगन करवाने पर सहमति बनी। नवनिर्मित वार्ड में एयर कंडीशनर एवं डक्ट सिस्टम स्थापित करने और बढ़ती गर्मी को देखते हुए अन्य इकाइयों के लिए कूलर एवं एसी क्रय करने का निर्णय भी लिया गया।
ओपीडी में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर वेटिंग एरिया विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गार्ड नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान प्रयोगशाला सेवाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए फुली ऑटो बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस मशीन के क्रय होने से रोगियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई, क्योंकि इससे कम समय में स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न प्रकार की जांचें संभव हो सकेंगी और मरीजों को बाहरी संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस अवसर पर एडीएम विनोद मल्होत्रा, उपखण्ड अधिकारी अंकित सांमरिया, अधिशासी अधिकारी विष्णु यादव, अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश धाकड़, विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, मदन गोपाल धाकड़ सहित आरएमआरएस के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों से अस्पताल की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
