बेगूं। आस्था और लोक संस्कृति के संगम 'गणगौर महोत्सव' के दूसरे दिन बेगूं कस्बा पूरी तरह उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ आयोजित इस महोत्सव में सजी-धजी महिलाओं ने भव्य शोभायात्रा निकालकर अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया। लोकगीतों की मधुर लहरियों और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के उमंग से भर दिया, जिसमें महिलाओं का उत्साह चरम पर रहा।

उत्सव की निरंतरता में नगर पालिका प्रशासन के तत्वावधान में विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का तांता लगा रहा। कार्यक्रम का आगाज दोपहर 1:00 बजे मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता के साथ हुआ, जहां महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। संध्याकालीन सत्र में रात्रि 7:00 बजे से आयोजित प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान साफा प्रतियोगिता और बेस्ट घूमर नृत्य प्रतियोगिता के साथ-साथ रिश्तों की प्रगाढ़ता दर्शाने वाली सास-बहू, मां-बेटी एवं देवरानी-जेठानी नृत्य प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। इन स्पर्धाओं में संभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का लोहा मनवाया।

समारोह के दौरान सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष पूजा सोनी, नीरू पटवा, गायत्री पटवा, रेखा मेहर, विमला प्रजापत, रेणु सोनी, मीनाक्षी दिवाकर एवं जय श्री सेन सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। महिलाओं में कार्यक्रम को लेकर व्याप्त जबरदस्त उत्साह ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पालिका प्रशासन द्वारा जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं शीतल जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच उपस्थित जनसमुदाय को बड़ी राहत मिली। गणगौर महोत्सव का यह आयोजन न केवल परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक बना, बल्कि सामुदायिक समरसता की एक अनूठी मिसाल के रूप में भी उभरा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story