बेगूं स्थित डोराई रोड पर सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ पुलिस चौकी के पीछे स्थित एक खेत में 11 हजार केवी की हाई-टेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर गिर गई। इस हादसे में करंट की चपेट में आने से एक दुधारू भैंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विद्युत लाइन रविवार रात को ही टूटकर खेत में गिर गई थी, लेकिन रात के अंधेरे में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब भैंस चरने के लिए खेत में पहुँची, तो वह अनजाने में टूटे हुए तारों के संपर्क में आ गई। भैंस के मालिक राज्यवर्धन सिंह राणावत ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत स्थानीय पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। सूचना के उपरांत आनन-फानन में विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे एक बड़ा जन-हानि का खतरा टल गया। घटना की सूचना पाकर पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुँची और मृत पशु का पोस्टमार्टम किया।

स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि यह घटना दिन के समय होती, तो किसी राहगीर या अन्य मवेशियों की जान भी जा सकती थी। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में 11 हजार केवी की लाइनें पहले भी कई बार टूट चुकी हैं, जो विभाग की लचर व्यवस्था और जर्जर तारों की ओर इशारा करती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर विद्युत लाइनों का तत्काल रखरखाव किया जाए और संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story