बेगूं के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में डिजिटल और जातिगत जनगणना के तकनीकी पहलुओं पर प्रगणकों को प्रशिक्षित किया गया।

जनगणना अभियान 2027 के प्रथम चरण के तहत बेगूं ब्लॉक के शहरी क्षेत्र में बैच द्वितीय के प्रगणकों एवं सुपरवाइजर के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण के पहले दिन 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया और आगामी दिनों में यह प्रक्रिया और व्यापक रूप से जारी रहेगी।

बेगूं शहरी क्षेत्र के जनगणना चार्ज अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी श्री विष्णु यादव ने प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को जनगणना 2027 की संपूर्ण प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर का परिचय भी कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार जनगणना में डिजिटल जनगणना, स्वजनगणना और जातिगत गणना से संबंधित आंकड़ों का भी संग्रह किया जाएगा, जो भविष्य की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर परिवारों को स्वगणना के लिए जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही जनगणना के माध्यम से राष्ट्रहित में तैयार होने वाली जननांकीय, आर्थिक और सामाजिक विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

भीषण गर्मी को देखते हुए चार्ज अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सभी प्रतिभागी सुरक्षित वातावरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

प्रशिक्षण के प्रथम दिन फील्ड ट्रेनर सूरज कुमार जैन एवं बनवारी लाल नौशालिया ने मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। वहीं तकनीकी सहायक योगेश बोरडे ने मोबाइल पर एचएलओ ट्रेनिंग ऐप के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें प्रगणकों एवं सुपरवाइजर को जनगणना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल न केवल जनगणना 2027 को सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि डिजिटल और सहभागिता आधारित गणना प्रणाली को सुदृढ़ करने का भी आधार तैयार कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story