चेची मंडल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर पुष्पांजलि, गोष्ठी और वृक्षारोपण से दिया संदेश
बेगूं के चेची मंडल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर पुष्पांजलि, विचार गोष्ठी और वृक्षारोपण हुआ। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

तस्वीर में बेगूं के चेची मंडल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र के समक्ष एकत्रित होकर श्रद्धांजलि देते भाजपा कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
बेगूं विधानसभा क्षेत्र के चेची मंडल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के तहत बूथ स्तर पर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, विचार गोष्ठी आयोजित की गई तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विधानसभा प्रवासी मदन गुर्जर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन, राष्ट्रीय एकता, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़ ने की। इस दौरान मंडल महामंत्री मुकेश आमेटा, प्रभुलाल धाकड़ सहित मंडल के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, शक्ति केंद्र पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित, संगठन सुदृढ़ीकरण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
