बेगूं (चित्तौड़गढ़)। ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के केंद्र जोगणिया माता जी की पावन धरा पर रावणा राजपूत समाज ने एकजुटता की एक नई इबारत लिखी है। रविवार, 4 जनवरी 2026 को निर्माणाधीन धर्मशाला परिसर में आयोजित रावणा राजपूत समाज 'आम चौखला' की महत्वपूर्ण बैठक में समाज हित में कई दूरगामी निर्णय लिए गए। श्री बालू सिंह जी देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में समाज के सैकड़ों प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया, जिसमें सबसे प्रमुख निर्णय आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन की तिथि की घोषणा रही।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि आगामी 20 अप्रैल 2026, सोमवार को वैशाख सुदी तीज (अक्षय तृतीया) के शुभ अवसर पर जोगणिया माता जी में विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस वृहद आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष पद पर डाबी (बूंदी) निवासी श्री शंभू सिंह जी सोलंकी को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। समाज के इस निर्णय से न केवल फिजूलखर्ची पर लगाम लगेगी, बल्कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए यह आयोजन एक संबल बनकर उभरेगा। आगामी बैठकों में समिति के अन्य पदाधिकारियों के मनोनयन और विवाह से संबंधित नियम व शर्तों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक के दौरान सामाजिक सरोकारों पर भी गहरा मंथन हुआ। समाजसेवी स्वर्गीय श्री लादू सिंह जी पंवार (पूर्व सरपंच, तुम्बड़िया) एवं स्वर्गीय श्री रामसिंह जी चुण्डावत की प्रथम पुण्यतिथि की स्मृति में आगामी 18 जनवरी 2026, रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साड़ास (गंगरार) में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने आह्वान किया कि इस मानवीय कार्य में रावणा राजपूत समाज के साथ-साथ सर्व समाज के युवा बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि पीड़ितों की सहायता की जा सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें श्री कालू सिंह जी चौहान (मेहता जी का खेड़ा), रामसिंह जी सांखला (रावड़दा), हिम्मत सिंह जी भाटी (बेगूं), भेरुसिंह जी राठोड़ (देसीसिंह जी का खेड़ा), शंभुसिंह जी बागीद, बालकिशन सिंह जी चौहान (आटुण), महेंद्र सिंह सोलंकी (धारला), विजय सिंह पंवार (धुवालिया), नंदसिंह जी पडिहार (भाणपी), लादुसिंह जी पंवार (आटुण), रतन सिंह चौहान (मंडावरी), संजय सिंह जी चौहान (बिजोलियां), प्राक्रमसिंह जी गेजरा, गोर्धन सिंह जी (देवीसिंह जी का खेड़ा), शिवसिंह जी गहलोत (बेगूं), अमरसिंह जी (बिजोलिया), रमेश सिंह सोलंकी (धारला), तेजसिंह जी (खोखरा), बालुसिंह गहलोत (धारला), महेंद्र सिंह गहलोत (धारला) और शिवराज सिंह जी (नयानगर) प्रमुख थे। बैठक का समापन समाज की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के संकल्प के साथ हुआ, जो भविष्य में समाज के संगठित स्वरूप की ओर एक सशक्त कदम है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story