बेगू विधायक सुरेश धाकड़ ने गिनाईं उपलब्धियां, रिवरफ्रंट और स्टेडियम का दिया तोहफा
भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर विधायक सुरेश धाकड़ ने ब्राह्मणी रिवरफ्रंट, 220 केवी ग्रिड और रावतभाटा अस्पताल सहित आगामी विकास योजनाओं का खाका पेश किया।

बेगू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश धाकड़ ने प्रातः काल से वार्ता के दौरान भजनलाल सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र के भविष्य के विकास का विज़न साझा किया।
"राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास को प्राथमिकता देते हुए बेगू विधानसभा क्षेत्र के समग्र उत्थान के लिए ठोस और दूरगामी कदम उठाए हैं।"
विधायक धाकड़ ने बताया कि भजनलाल सरकार द्वारा ब्राह्मणी नदी के किनारे बेगू में रिवर फ्रंट निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही:
- 32 सौ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चंबल जल परियोजना से भी आमजन को स्वच्छ एवं सहज पीने का पानी मिलेगा।
बेगू और रावतभाटा में अत्याधुनिक अस्पतालों का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। विधायक ने बताया कि:
"इन अस्पतालों के इस वर्ष जनता को समर्पित होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।"
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बेगू विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनका कार्य इस वर्ष प्रारंभ होगा:
- रावतभाटा से बूंदी जिले को जोड़ने वाली लाम्बाकोह सड़क के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
- बेगू शहर में यातायात सुगम बनाने हेतु बाईपास निर्माण की योजना तैयार की गई है।
- नौ भील चौराहा से रतिया बावजी और बस्सी आंबा सड़क परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
विधायक सुरेश धाकड़ ने कहा कि भजनलाल सरकार का मुख्य फोकस योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाने पर है। आगामी एक वर्ष में अधूरे प्रोजेक्ट्स को पूर्ण करने के साथ-साथ नए विकास कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बेगू में चेची रोड स्थित माधोपुर के समीप एक विशाल स्टेडियम के निर्माण की योजना है, जिसके लिए विशेष बजट लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
किसानों को कृषि कार्य के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु 220 केवी ग्रिड स्टेशन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
वार्ता के अंत में विधायक सुरेश धाकड़ ने सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि:
"बेगू विधानसभा क्षेत्र के विकास को निरंतर गति दी जाएगी।"
इन विकास प्रयासों से क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का माहौल बना हुआ है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
