बस्सी के छह गांवों में फैला जहरीला गैस का गुबार, ग्रामीणों में दहशत
बस्सी तहसील के छह गांवों में अचानक फैली दमघोंटू गैस से ग्रामीणों को सांस लेने में तकलीफ हुई, प्रशासन ने जांच के आदेश दिए।

बस्सी में एक स्थान पर एकत्रित ग्रामीण, जिनमें से कुछ ने एहतियात के तौर पर मास्क लगा रखा है।
बस्सी। बस्सी तहसील के छह गांवों में बीते शाम अचानक फैली एक रहस्यमयी जहरीली गैस ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी। गैस के रिसाव के साथ ही तीव्र और दमघोंटू बदबू ने इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इस गैस के प्रभाव से प्रभावित ग्रामीणों को सांस लेने में भारी तकलीफ, आंखों में तेज जलन, जी मिचलाने, उल्टी, गले में दर्द, सिरदर्द और चक्कर आने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा। गैस की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों को बचने के लिए मुंह पर मास्क और कपड़ा बांधकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर के अनुसार, प्रभावित गांवों में डूंगाजी काखेड़ा, पालेर, गोपालपुरा, मानकपुरा, सेमलिया और शादी शामिल हैं। ये सभी गांव एक-दूसरे से महज एक से दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। गैस फैलने और ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना मिलते ही चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी, बिजयपुर थानाधिकारी रामलाल मीणा, पटवारी, गिरदावर तथा बस्सी व बिजयपुर की मेडिकल टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रशासन ने ग्रामीणों के सहयोग से गैस के स्रोत का पता लगाने का व्यापक प्रयास किया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंचा जा सका।
हैरानी की बात यह है कि प्रभावित गांवों के आसपास न तो कोई प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्री या कारखाना स्थित है और न ही गैस रिसाव संबंधी कोई दुर्घटना हुई है। इस रहस्यमयी घटना का कारण फिलहाल पूरी तरह से अज्ञात बना हुआ है। करीब तीन से चार घंटे तक चले इस संकट के बाद हल्की बारिश होने से गैस की बदबू में कमी आई और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई। चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग और प्रदूषण विभाग को जांच के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल गांवों में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन द्वारा गैस के स्रोत की वैज्ञानिक पड़ताल की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रत्याशित स्थिति को रोका जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
