बस्सी। बस्सी क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही वारदातों के बीच बीती रात चोरों ने एक बार फिर दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाते हुए लाखों की नहीं, लेकिन महत्वपूर्ण नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। बदमाशों ने बस्सी गैस एजेंसी के कार्यालय से 68 हजार रुपये की नकदी चुरा ली, जबकि अस्पताल के पीछे स्थित इंदिरा रसोई से नकदी सहित खाद्य सामग्री और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात चोर अस्पताल के पीछे स्थित इंदिरा रसोई की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। वहां से बदमाश एक तेल का डिब्बा, मसाले, दालें, चावल, गैस की भट्टी तथा 3800 रुपये नकद चुराकर फरार हो गए। वारदात के बाद सुबह घटना का पता चलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

इसी दौरान चोरों ने बस्सी गैस एजेंसी को भी निशाना बनाया। बदमाश कार्यालय में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर लॉकर में रखे 68 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद आरोपी वहां लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार, दोनों ही स्थानों पर बदमाश पीछे की ओर से खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और इन वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story