पंचायत चुनाव में शराब बांटने का आरोप, बस्सी थाने के कांस्टेबल निलंबित
सोनगर गांव में ग्रामीणों द्वारा क्रेटा कार से शराब और नकदी बरामदगी के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कांस्टेबल जगदीश धाकड़ पर कार्रवाई की।

बस्सी। प्रातःकाल संवाददाता। पंचायत राज चुनाव के दौरान शराब बांटने के आरोपों से जुड़े मामले में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कांस्टेबल जगदीश धाकड़ को निलंबित कर दिया है। सोनगर पंचायत में ग्रामीणों द्वारा कांस्टेबल को पकड़ने और शराब की बोतलों व नकदी मिलने के बाद क्रेटा कार पुलिस को सुपुर्द करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, बस्सी थाना क्षेत्र के सोनगर गांव में शनिवार रात ग्रामीणों ने एक क्रेटा कार को रोककर उसकी तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान कार में नकदी और बीयर की बोतलें मिली थीं। इस दौरान मौके पर मौजूद कांस्टेबल जगदीश धाकड़ फरार हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया था।
प्रकरण सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कांस्टेबल जगदीश धाकड़ को निलंबित कर दिया। बताया जाता है कि कांस्टेबल जगदीश धाकड़ का काका पंचायत चुनाव लड़ रहा है। इसी सिलसिले में कांस्टेबल मौके पर पहुंचा था।
उल्लेखनीय है कि प्रातःकाल ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पंचायत राज चुनाव के दौरान शराब बांटने के आरोपों से जुड़े इस प्रकरण में कांस्टेबल के निलंबन की कार्रवाई चर्चा में है।

