मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बस्सी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।

थानाप्रभारी चंपाराम मेघवाल ने बताया कि मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कंचनपुरा पाल घाटा रोड पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को संदेह के आधार पर रुकवाया गया।

पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो मोटरसाइकिल सवार युवकों के कब्जे से 1 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय (31) पुत्र धनराज जाट निवासी पिपलिया कलां, थाना गंगरार तथा नारायण (29) पुत्र सोहनलाल जाट निवासी तुर्किया खुर्द, थाना कपासन के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले में अवैध अफीम की आपूर्ति और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में पुलिसकर्मी मटूल, शंकरलाल, तेजपाल, शोभागमल और दिनेशचंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story