बस्सी। (गोपाल खटीक)। पंचायत राज चुनाव संपन्न होने के बाद बस्सी में भू-माफियाओं की सक्रियता बढ़ने लगी है। नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण करने से पहले ही कस्बे में बेशकीमती जमीनों पर कब्जे और अवैध निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। भीलवाड़ा रोड, खान्या बस्ती, रेलवे स्टेशन के समीप और इंद्रा कॉलोनी सहित कई स्थानों पर निर्माण कार्य जारी होने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में पंचायत स्तर पर फिलहाल सुनवाई नहीं होने से अवैध निर्माणों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

हाल ही में पंचायत राज चुनाव संपन्न हुए हैं। तीसरे चरण में विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी पंचायत बस्सी में सरपंच पद का चुनाव भी संपन्न हो चुका है। हालांकि, नवनिर्वाचित सरपंच अनिता जागेटिया ने अभी तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। इसी बीच भू-माफियाओं का एक समूह सक्रिय होकर आसपास की बेशकीमती जमीनों पर कब्जे की कोशिशों में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, चुनाव संपन्न होते ही भू-माफियाओं के समूह ने करीब आधा दर्जन स्थानों पर कब्जे की कवायद शुरू कर दी। कई जगह दीवारें खड़ी कर दी गई हैं, वहीं कुछ स्थानों पर पक्के निर्माण भी शुरू हो चुके हैं। निर्माण कार्य तेजी से किए जाने के पीछे अवैध निर्माणों को ध्वस्त किए जाने से बचाने की कोशिश बताई जा रही है। कस्बे के भीलवाड़ा रोड, खान्या बस्ती, रेलवे स्टेशन के समीप और इंद्रा कॉलोनी में बेखौफ होकर निर्माण कार्य किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

अवैध कब्जों और निर्माण को लेकर जागरूक लोगों ने शिकायतें भी दर्ज कराई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरपंच के पदभार ग्रहण नहीं करने के कारण पंचायत स्तर पर शिकायतों की सुनवाई और कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में हालात और बिगड़ सकते हैं।

पदभार ग्रहण करते ही अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त : जागेटिया

इस संबंध में नवनिर्वाचित सरपंच अनिता किशन जागेटिया के प्रतिनिधि किशन जागेटिया ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे और अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें भी क्षेत्र में लगातार अवैध कब्जों और निर्माण की सूचनाएं मिल रही हैं। इस संबंध में नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

किशन जागेटिया ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित लोगों ने स्वयं अपने स्तर पर अवैध निर्माण नहीं हटाए तो शीघ्र ही पुलिस जाप्ते के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बस्सी क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

फिलहाल बस्सी में नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण करने से पहले ही करीब आधा दर्जन स्थानों पर अवैध कब्जों और निर्माण की शिकायतें सामने आने से मामला चर्चा में है। अब लोगों की निगाहें पदभार ग्रहण करने के बाद प्रस्तावित नोटिस और कार्रवाई पर टिकी हैं।

Next Story