बस्सी। क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ स्थानीय प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूचनाओं और जन-चर्चाओं के बाद हरकत में आई पुलिस ने एक अवैध डंपर को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब बाजार क्षेत्र में तेजी से दौड़ते ट्रैक्टर और डंपरों के कारण आमजन में भय का माहौल व्याप्त हो गया था। बीते दिनों पुलिस चौकी के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण लगे जाम और बाजार से गुजर रहे आधा दर्जन डंपरों की आवाजाही ने स्थानीय प्रशासन को सचेत कर दिया। बस्सी थाना प्रभारी चंपाराम मेघवाल ने स्पष्ट किया है कि अवैध बजरी के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

विदित हो कि क्षेत्र के सोनगर रोड, भीलवाड़ा रोड और सारण से घोंसुडी मार्ग पर अवैध बजरी का अवैध परिवहन निरंतर जारी है। सूत्रों के अनुसार, माफियाओं द्वारा पुलिस और माइनिंग विभाग की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष मुखबिर तैनात किए गए हैं। वहीं, साड़ास थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले दर्जनों वाहनों की आवाजाही पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि साड़ास क्षेत्र में सख्ती न होने के कारण यह कारोबार फल-फूल रहा है, जहाँ से वाहन इटावा, सहाड़ा और शोकिया होते हुए बस्सी, बिजयपुर और पारसोली तक पहुँच रहे हैं। बस्सी-साड़ास मार्ग पर टोल नाकों का अभाव और निगरानी की कमी का लाभ उठाते हुए बजरी माफिया तेज रफ्तार वाहनों के जरिए इस अवैध धंधे को संचालित कर रहे हैं। बजरी के स्टॉक और ऊंचे दामों पर बिक्री की शिकायतों के बाद अब प्रशासन की इस सक्रियता से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Updated On

Next Story