बस्सी। (प्रातकाल संवाददाता)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को डीएसटी एवं बिजयपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोडिंग टेम्पो से 574 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया। तस्करी में गेहूं की आड़ ली जा रही थी। कार्रवाई के दौरान टेम्पो चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा, लेकिन करीब 500 मीटर दूर टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रेंज उदयपुर द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उपअधीक्षक दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में मंगलवार को बिजयपुर थानाप्रभारी रामलाल मीणा मय जाप्ते ने बावडीखेड़ा पहुंचकर राजपुरिया चौराहे पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान सामने से एक लोडिंग टेम्पो आता दिखाई दिया। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक ने टेम्पो नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़कर बस्सी की तरफ तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने टेम्पो का पीछा किया। करीब 500 मीटर की दूरी पर टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान चालक टेम्पो से नीचे कूदकर फरार हो गया।

पुलिस ने चालक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद नियमानुसार टेम्पो की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के 25 कट्टों में अवैध डोडाचूरा मिला, जबकि 7 कट्टों में गेहूं भरा हुआ था। पुलिस ने प्लास्टिक के कट्टों से कुल 574 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद कर टेम्पो को जब्त कर लिया।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। कार्रवाई में जिला विशेष टीम का सहयोग रहा। नाकाबंदी के दौरान सामने आई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचूरा बरामद होने से पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही धरपकड़ अभियान की कार्रवाई सामने आई है।

Next Story