कस्बे के बिजली विभाग कार्यालय के पास स्थित एक सुने मकान में अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और अंदर रखी नगद राशि लेकर फरार हो गए। घटना के बाद घर के भीतर सामान बिखरा मिला, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाने व बिजली विभाग कार्यालय के पास रहने वाले पुष्कर अहीर बीती रात अपने परिवारजनों से मिलने अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने उसके घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में जमकर तोड़फोड़ की। वारदात के दौरान बदमाश 9 हजार 500 रुपये नगद एवं छोटी-मोटी सामग्री चोरी कर ले गए।

बताया गया कि पुष्कर अहीर पानीपुरी का थैला लगाता है और पतासे खरीदने के लिए वह बीती रात ही उक्त रुपये घर पर लेकर आया था। इसी बात की भनक लगने पर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद घर का सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिला, जिससे बदमाशों के उत्पात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

गौरतलब है कि बस्सी क्षेत्र में बदमाशों का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस अब तक उन्हें पकड़ने में नाकाम रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story