बस्सी उपजिला चिकित्सालय निर्माण में देरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ के बस्सी कस्बे में अस्पताल निर्माण के लिए स्थान चयन पर विवाद के कारण काम अटका है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

तस्वीर में बस्सी तहसील कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा के सबसे बड़े कस्बे बस्सी में स्वीकृत उपजिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य आपसी खींचतान के चलते अधर में लटका हुआ है। वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज कांग्रेस ने तहसील कार्यालय के बाहर दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्माण शुरू कराने की मांग की।
धरने के दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि भाजपा के आपसी मनमुटाव तथा विधायक और सांसद के बीच खींचतान के कारण कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बस्सी को सौगात के रूप में स्वीकृत उपजिला चिकित्सालय का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दो वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपजिला चिकित्सालय के निर्माण को लेकर स्थान चयन का विवाद भी लगातार बना हुआ है। बस्सी कस्बे में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय जिस स्थान का चयन किया गया था, उसका भाजपा के ही कुछ लोगों ने विरोध करते हुए रास्ता संकरा होने का हवाला दिया और अस्पताल को हाईवे पर बनाने की मांग उठाई। इसके बाद भीलवाड़ा मार्ग सहित अन्य स्थानों पर भी अस्पताल के लिए भूमि देखी गई, लेकिन आपसी खींचतान के कारण अब तक अंतिम स्थान का चयन नहीं हो सका।
ग्राम पंचायत बस्सी की ओर से निर्माण के लिए एनओसी जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वर्तमान में चिकित्सालय केवल एक डॉक्टर के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरने में शामिल कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 31 जुलाई तक उपजिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कार्यकर्ता अनशन पर बैठेंगे। निर्माण में लगातार हो रही देरी से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर असर पड़ रहा है और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
