लंबे इंतजार के बाद आखिर बस्सी में मानसून मेहरबान हुआ। झमाझम बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और खाली पड़े बांध, तालाब एवं जलाशयों में पानी की जमकर आवक हुई। बस्सी में महज 3 घंटे की बारिश में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बस्सी में 24 घंटे में 227 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बस्सी टुकड़ा माता बांध 21 फीट और ओराई बांध 22 फीट भर चुका है। वहीं नीलिया महादेव का झरना भी पूरे वेग के साथ बहने लगा है। जलाशयों में पानी की आवक लगातार जारी है।

बस्सी कस्बे के इंदिरा मार्केट स्थित एक मकान की दीवार तेज बारिश के कारण टूट गई। परिवार के सदस्य घंटों घर में फंसे रहे, जिन्हें पड़ोसियों ने बाहर निकाला। सड़क के नीचे स्थित कॉलोनियों में भी पानी भर गया। फोरलेन पर सर्विस रोड का काम चलने के कारण बारिश के दौरान कई वाहन पानी में बने गड्ढों में गिर गए। वाहनों में सवार लोगों को आसपास के लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

सोनगर रोड और लक्ष्मीनाथ कॉलोनी में दो कारें गड्ढों में फंस गईं। ग्राम पंचायत घोसुंडी के रातीतलाई में कुछ लोगों द्वारा घरों के बाहर मिट्टी डलवा देने से गलियों में पानी भर गया। इसके बाद जेसीबी से खुदाई कर पानी निकाला गया।

कई कॉलोनियों में जलभराव की सूचना पर बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष सीपी नामधराणी, पटवारी किशन धाकड़, हरीश सिंह आदि मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इंदिरा मार्केट के लोगों ने बताया कि सड़क से नीचे प्लॉट देने और मकानों के नीचे होने के कारण पानी घरों में भर रहा है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस दौरान मौजूद लोगों ने नाराजगी भी जताई।

हरियाली अमावस्या के पर्व पर नीलिया महादेव में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार को हरियाली अमावस्या उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। बीती रात हुई अच्छी बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया, जिसके चलते आमजन बड़ी संख्या में पर्यटन स्थलों पर पहुंचे। बस्सी क्षेत्र के नीलिया महादेव में पर्यटकों की भारी भीड़ रही। चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, कोटा सहित अन्य जिलों एवं गांवों से लोग पहुंचे और महादेव जी के दर्शन करने के साथ स्नान किया।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाप्रभारी प्रेम सिंह जादौन मय जाप्ता मौजूद रहे। सुरक्षा उपकरण और गोताखोरों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। तेज बारिश के बाद जलाशयों में बढ़ी पानी की आवक और नीलिया महादेव में उमड़ी भीड़ के बीच प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी गई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story