बस्सी। (प्रात:काल संवाददाता)। राजकीय कन्या महाविद्यालय बस्सी में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए नामधरानी परिवार द्वारा जनहित में वाटर कूलर भेंट किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन गुरुवार को आयोजित एक गरिमामयी समारोह में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उद्घाटन एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि शकुंतला नामधरानी रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा के प्रसार और समाजसेवा के अटूट महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा बटवाल ने की।





समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सीपी नामधरानी ने कहा कि जल सेवा ही संसार का सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा के मंदिर में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करना समाज के प्रति एक प्रेरणादायक सेवा है। हमें सदैव ऐसे जनहित एवं सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को सुविधा एवं उच्च संस्कार दोनों प्राप्त हो सकें। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय सत्यनारायण नामधरानी के समाजसेवा एवं जनकल्याण के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। उनके परिवार द्वारा शैक्षणिक संस्थान में इस 'जल मंदिर' की सौगात देना छात्र-छात्राओं के हित में एक सराहनीय एवं अनुकरणीय कदम है।

महाविद्यालय परिवार एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने नामधरानी परिवार के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान शकुन्तला देवी नामधरानी, माहेश्वरी समाज अध्यक्ष गोपाल गदिया और व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जागेटिया ने भी अपने विचार व्यक्त कर सेवा भाव को प्रोत्साहित किया। इस विशेष अवसर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी, भामाशाह, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह पहल न केवल छात्राओं को भीषण गर्मी से राहत दिलाएगी, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story