पाल रोड पर छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद बवाल, बस्सी पुलिस ने 5 बारातियों को शांतिभंग में किया गिरफ्तार
बस्सी के पाल रोड पर छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के बाद तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बारातियों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।

बस्सी थाना क्षेत्र के घोंसुडी गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान बारातियों द्वारा छात्राओं से कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए पांच बारातियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घोंसुडी गांव में शादी समारोह आयोजित था, जिसमें नंदवाई गांव से बारात आई थी। कार्यक्रम के दौरान कुछ बाराती शराब का सेवन करने के लिए पाल रोड पहुंचे। इसी दौरान वहां से 2-3 छात्राएं गुजर रही थीं। आरोप है कि बारातियों ने छात्राओं से छेड़छाड़ की।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, जिससे माहौल बिगड़ने लगा। सूचना पर बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद बारातियों की गाड़ी के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नंदवाई गांव निवासी दिनेश पुत्र रामप्रसाद, शोकिन पुत्र भैरू, शिवलाल पुत्र मदन, दीपक पुत्र नंदकिशोर तथा ओमप्रकाश पुत्र श्यामलाल रेगर को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।
माहौल बिगड़ने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्सी थाने के एएसआई सत्यनारायण मीणा, कांस्टेबल शोभाग गुर्जर, तेजपाल जाट और जितेन्द्र मीणा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता की प्रशंसा की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
