बस्सी। प्रातकाल संवाददाता। कस्बे सहित क्षेत्र में गणेशोत्सव की गूंज देर रात तक सुनाई दे रही है। महिलाएं, छात्र-छात्राएं और पुरुष डांडियों पर नृत्य कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चे नए-नए खेलों के साथ प्रस्तुतियां दे रहे हैं। विभिन्न संगठनों की ओर से अतिथियों द्वारा विजेता और अच्छी प्रस्तुति देने वाली प्रतिभाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा रहा है।

नुरकी झोपड़िया गणेशपुरा में युवा गणपति संगठन की ओर से कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कलाकारों ने भगवान शिव के रूप में शानदार शिव तांडव की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर श्रद्धालु भक्ति में डूब गए। भगवान शिव के विभिन्न रूपों और उनकी महिमा का शानदार मंचन किया गया। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक संगीत के बीच कलाकारों की प्रस्तुति से पूरा माहौल शिवमय हो गया।

जैसे ही शिव तांडव शुरू हुआ, कार्यक्रम स्थल हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के स्वरूप की आरती कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इसके अलावा राम मोहल्ले में युवा संगठन और राती तलाई पर युवा संगठन की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का यह सिलसिला क्षेत्र में देर रात तक उत्सव का माहौल बनाए हुए है।

Next Story