बस्सी में प्रस्तावित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। ग्राम पंचायत बस्सी में प्लांट का निर्माण शुरू होने से पहले ही विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने इसका विरोध जताते हुए इसे अन्यत्र स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

अंजुमन मिल्लते इस्लातिया संस्थान के सदर शाहिद हुसैन, नायब सदर अहमद हुसैन और मुस्लिम समाज के लोगों ने जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि जिस स्थान पर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जा रहा है, उसके निकट आस्था का केंद्र भंवरशाह दाता का स्थान तथा कर्बला शरीफ के पास भोजनशाला स्थित है। यहां वर्षभर धार्मिक कार्यक्रमों और भोजन के आयोजन होते रहते हैं। उनका कहना है कि प्लांट के लगने से प्रदूषित पानी यहां से होकर तालाब में जाएगा, जिससे आमजन में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्लांट को लेकर दोनों समुदायों में रोष है और इसे दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए।

इधर लक्ष्मीनाथ महोदव समिति एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रस्तावित ट्रीटमेंट प्लांट का विरोध करते हुए जिला कलक्टर को अलग से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि प्लांट का निर्माण केचमेंट एरिया में किया जा रहा है, जिससे प्रदूषित पानी शिवसागर तालाब में पहुंचेगा। इससे तालाब में गंदगी बढ़ने के साथ रोग फैलने की आशंका रहेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तालाब के चारों ओर धार्मिक स्थल स्थित हैं और यह क्षेत्र लोगों की आस्था का केंद्र है।

विरोध जताने वालों ने प्रशासन से मांग की कि ट्रीटमेंट प्लांट को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्लांट को दूसरी जगह नहीं ले जाया गया तो यह जन आंदोलन का कारण बनेगा। ज्ञापन देने के दौरान जिला उपाध्यक्ष सीपी नामधरानी, रामगोपाल ओझा, किशन जागेटिया, फिदाउल मुस्तफा, फारूक चुडीगर, आरीफ, आबिद और फुरकान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story