चित्तौड़गढ़ के जयसिंहपुरा और देहीखेड़ा में चोरों ने ट्रांसफार्मर से तेल और उपकरण चुराए, पुलिस जांच में जुटी।

बस्सी। प्रातकाल संवाददाता।

कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में लंबे समय से बेखौफ बदमाशों ने भारी आतंक मचा रखा है। किसान दिन-रात कड़ी मेहनत करके खेतों में अपना पसीना बहाता है और शातिर बदमाश रातों-रात उस खून-पसीने की मेहनत पर पानी फेर देते हैं। बस्सी थाना क्षेत्र में यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि यहां आए-दिन अज्ञात बदमाश खेतों पर लगी पानी की मोटरें, केबल, तार, तेल और विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासन पूरी तरह से आंखें मूंद कर बैठा है।

थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा व देहीखेड़ा में बीती रात अज्ञात चोरों ने तांडव मचाते हुए किसानों के खेतों से आठ बिजली के ट्रांसफार्मर चुरा लिए और कई जगहों से मोटर, केबल, तार सहित तेल पार कर दिया। यह सनसनीखेज घटना महज एक महीने के भीतर दूसरी बार घटित हुई है। लगातार बढ़ती चोरियों की इन वारदातों को लेकर पीड़ित किसानों में पुलिस के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। मामले को लेकर जयसिंहपुरा निवासी किसान किशन धाकड़ ने बताया कि शातिर चोरों ने ट्रांसफार्मरों में छेद करके सारा तेल चुरा लिया और एक बिजली का पोल गिराकर ट्रांसफार्मर को पूरी तरह से तोड़ दिया। बीती रात क्षेत्र के किसान प्रभुलाल धाकड़, राजु सिंह, कैलाश धाकड़, प्रहलाद सिंह, उदयलाल धाकड़, रतन धाकड़ और प्रभु धाकड़ के खेतों पर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर एएसआई एजाज मोहम्मद और नंदकिशोर गुर्जर मय जाब्ता मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लेकर जानकारी जुटाई। गौरतलब है कि इससे पहले भी जयसिंहपुरा में ही 6 बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की वारदात हो चुकी है। बस्सी थाना क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों के भीतर 200 से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं, लेकिन लगातार हो रही इन चोरियों के बावजूद स्थानीय पुलिस आज तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इन असफलताओं से किसानों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है। त्रस्त किसानों व ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक चितौड़गढ़ को पत्र भेजकर इन सभी चोरियों का जल्द से जल्द खुलासा करने व अपराधियों को तुरंत पकड़ने की पुरजोर मांग की है। परेशान किसानों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इन चोरियों पर अंकुश कब लगेगा या फिर ऐसे ही लगातार चोरियां होती रहेंगी?

क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश नशेड़ी हो सकते हैं। वर्तमान में युवा पीढ़ी स्मैक, गांजा, दारू और अन्य खतरनाक नशे की लत में डूबी हुई है। इस घातक नशे को खरीदने के लिए जब उनके पास पैसे नहीं होते, तो वे पैसों का इंतजाम करने के लिए ऐसी छोटी-मोटी चोरियों का सहारा लेते हैं और इन गलत कामों को अंजाम देते हैं।

इस पूरे मामले को लेकर बस्सी, चितौड़गढ़ के थानाप्रभारी चंपाराम मेघवाल का कहना है कि पुलिस द्वारा लगातार नाकाबंदी की जा रही है। कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों में रातभर पुलिस गश्त करती है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा और ये शातिर बदमाश जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।




Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story