बस्सी में चोरों का बढ़ता आतंक, ग्रामीणों ने तीन बदमाश पकड़कर पुलिस को सौंपा, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
बस्सी में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश है। भाजपा नेता के छोटे भाई रोशन भांड के घर से 3 तौला सोना चोरी होने के साथ दुवावा गांव में ग्रामीणों ने तीन कथित बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस की गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

तस्वीर में एक कमरे का दृश्य दिख रहा है, जहाँ एक अलमारी खुली पड़ी है और कपड़े फर्श पर बिखरे हुए हैं
बस्सी। विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े कस्बे बस्सी में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में पुलिस की ढीली गश्त के कारण बेखौफ चोर रात के समय अलग-अलग मोहल्लों और गांवों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गरीब परिवारों के यहां से सोने-चांदी के आभूषण, नगद राशि, मोटरसाइकिल, बकरियां, पानी की मोटरें, तार, केबल, ऑयल सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बढ़ती चोरियों से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। क्षेत्र में दर्जनों बड़ी चोरियां होने के बावजूद पुलिस अब तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं।
बीती रात आधा दर्जन बदमाशों ने पुरानी पुलिस चौकी के आसपास जमकर वारदातों को अंजाम दिया। बदमाश भाजपा नेता के छोटे भाई रोशन भांड के मकान में घुस गए, जहां उन्होंने अलमारी तोड़कर कपड़े बिखेर दिए। इसके बाद नीचे रखी पेटी को भी तोड़ दिया और उसमें रखे 3 तौला सोना तथा अन्य छोटी-मोटी सामग्री चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर मिली। इसी दौरान सब्जी मंडी, खेड़ा और पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में भी बदमाशों ने वारदातें कीं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बार-बार सीएलजी बैठक में यह मुद्दा उठाने के बावजूद पुलिस बदमाशों को पकड़ने में सफल नहीं हो पा रही है।
तहसील क्षेत्र के किसान भी लंबे समय से चोरी की घटनाओं से परेशान हैं। रातों-रात खेतों से पानी की मोटरें, तार, केबल और ऑयल चोरी किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बढ़ती घटनाओं के कारण अलग-अलग मोहल्लों में युवा स्वयं रात्रि गश्त भी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं।
इधर, ग्राम पंचायत सोनगर के दुवावा गांव में बीती रात 6-7 लोग चोरी करने पहुंचे। इसी दौरान ग्रामीणों की जाग होने पर गांव वालों ने तीन लोगों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने पहले की गई चोरियों के बारे में बताया, ऐसी जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों की जमकर धुलाई कर उन्हें बस्सी पुलिस के हवाले कर दिया। सुबह करीब 5 बजे तीनों को गंभीर घायल अवस्था में बस्सी उपचिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश कंजर जाति के हैं, जिनमें दो हरिपुरा और एक देवडुंगरी का निवासी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे पहले भी एक-दो बार ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था, लेकिन अब तक क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और बदमाशों की सक्रियता के बीच ग्रामीणों में कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी बनी हुई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
