नगरी गांव में पुजारी को जातिगत अपमान और जान से मारने की धमकी देने के मामले में ग्रामीणों ने बस्सी थाने पहुंचकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।

बस्सी। क्षेत्र के नगरी गांव में जातिगत अपमान और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में बस्सी थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की पुरजोर मांग की है।

पीड़ित शंभूलाल पुत्र बरदीचन्द्र रेगर ने थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि वह पेशे से पुजारी हैं। उन्होंने नगरी निवासी लोकेन्द्र सिंह पुत्र भोम सिंह राजपूत के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। शंभूलाल ने आरोप लगाया कि गत 24 मई को जब वे नगरी चौराहे पर थे, तब लोकेन्द्र सिंह ने उन्हें आवाज देकर बुलाया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें न केवल जातिगत रूप से अपमानित किया, बल्कि अछूत और नीच शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में इस मामले को और अधिक गंभीर बताते हुए कहा कि गांव के सार्वजनिक पेयजल स्थल पर महिलाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। अनुसूचित जाति के लोगों को पानी भरने से रोकने के साथ-साथ उनके साथ गाली-गलौज की जा रही है और उन्हें धमकियां देकर भयभीत किया जा रहा है।

इस घटना के सामने आने के बाद नगरी पंचायत क्षेत्र के निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत के ग्रामीणों ने प्रशासक के नेतृत्व में बस्सी थाने का रुख किया। वहां पहुंचकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया और थानाप्रभारी चंपाराम मेघवाल को घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ अविलंब सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story