चित्तौड़गढ़: 45 किलो डोडाचूरा के साथ दो साल से फरार तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चित्तौड़गढ़ में बिजयपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, एनडीपीएस एक्ट में दो साल से फरार तस्कर कमलेश जाट को 45 किलो 390 ग्राम अवैध डोडाचूरा और कार के साथ गिरफ्तार किया। एक सप्ताह में पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, तस्करों में हड़कंप।

तस्वीर में बिजयपुर पुलिस के जवान बरामद अफीम डोडाचूरा के कट्टों और जब्त कार के साथ खड़े हैं।
बस्सी। समीपवर्ती बिजयपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 45 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने दो साल से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे तस्कर कमलेश जाट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध उदयपुर रेंज महानिरीक्षक द्वारा संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई है। बिजयपुर थाना प्रभारी रामलाल मीणा मय जाप्ता दुधीतलाई गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित मोतीमंगरी पहुंचे और नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान दुधीतलाई की तरफ से आ रही एक बलेनो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार का फाटक खोलकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेरा डालकर चालक को धर दबोचा। तलाशी लेने पर कार से दो कट्टों में 45 किलो 390 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गोपालपुरा निवासी कमलेश पुत्र भंवरलाल जाट के रूप में हुई है, जो बस्सी थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पिछले दो साल से फरार था। पुलिस मामले में गहन अनुसंधान कर रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की सख्त कार्यशैली के चलते जिलेभर में तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। बिजयपुर पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस एक सप्ताह में पुलिस ने कुल 327 किलो 550 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। थाना प्रभारी रामलाल मीणा ने कहा कि थाना क्षेत्र में तस्करों पर निरंतर कड़ी नजर रखी जा रही है और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
