बड़ीसादड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों के आधा दर्जन से अधिक वारदातों में शामिल होने का खुलासा हुआ है। इनमें विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी, मोटरसाइकिल लूट, विद्युत लाइन के तार और पानी की मोटर का स्टार्टर चोरी करना शामिल है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 26 अगस्त 2026 को पुलिस थाना बड़ीसादड़ी में प्रार्थी शिवालाल पुष्करणा निवासी आमीरामा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी ने लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि 25 अगस्त 2026 को शाम करीब 7 बजे उसने अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल घर के बाहर लॉक लगाकर खड़ी की थी। वहां पांच-सात अन्य मोटरसाइकिलें भी खड़ी थीं। मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद वह परिवारजनों के साथ घर के अंदर सो गया। सुबह करीब चार-पांच बजे बाहर आकर देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास और गांव में काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। रिपोर्ट में बताया गया कि अज्ञात बदमाश रात के समय मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया।

रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में संपत्ति संबंधी अपराधों को ट्रेस आउट करने और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवान लाल के नेतृत्व में एएसआई हरिराम मय जाप्ते की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आमीरामा, कस्बा बड़ीसादड़ी, छोटी सादड़ी रोड, करजू मोड़ और चित्तौड़गढ़ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। आमीरामा से चोरी हुई मोटरसाइकिल की तलाश करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में शिवसिंह मीणा, गजेन्द्र कुमार मीणा, नरेश मीणा एवं सांवरिया सिंह मीणा द्वारा वारदात करना सामने आया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बजाज प्लेटिना सहित चार मोटरसाइकिल बरामद कीं। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 10 दिन पूर्व केवलपुरा गांव से रात के समय हीरो होंडा कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा करीब 4-5 दिन पूर्व डूंगला कस्बे से रात के समय हीरो होंडा कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की गई।

आरोपियों ने करीब 10 दिन पूर्व उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र के गांव नाहरपुरा से रात के समय हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी की। कस्बा बड़ीसादड़ी में बिजली ऑफिस के पास से करीब 20 दिन पूर्व हीरो कंपनी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लूटने की वारदात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 25 दिन पूर्व गांव पीलीखानिया पारसोली से पानी की मोटर का MEX स्टार डेल्टा कंपनी का स्टार्टर चोरी किया। करीब एक माह पूर्व पारसोली जाने वाली 33 KV विद्युत लाइन से बड़ीसादड़ी रेलवे पुलिया से लक्ष्मीपुरा रोड तक विद्युत खंभों से मेन लाइन के तार चोरी किए। इसके अलावा करीब डेढ़ माह पूर्व रघुनाथपुरा गांव में जाने वाली 11 KV विद्युत लाइन से रघुनाथपुरा के पास बिजली के खंभे से मेन लाइन के तार चोरी करने की वारदात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी एक संगठित अपराध का गिरोह बनाकर रात के समय घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए वाहनों को गिरवी रखकर प्राप्त रकम से कमरा किराये पर लेकर शराब पार्टी और मौज-मस्ती करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवसिंह मीणा पुत्र निर्भयसिंह मीणा निवासी शिवपुरा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, गजेन्द्र कुमार मीणा पुत्र उदयलाल मीणा निवासी पण्डेडा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, नरेश मीणा पुत्र शंकरसिंह मीणा निवासी बोरूण्डी, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी तथा सांवरिया सिंह मीणा पुत्र भैरूसिंह रावत मीणा निवासी शिवपुरा, पुलिस थाना बड़ीसादड़ी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नरेश मीणा के विरुद्ध पूर्व में चोरी के दो प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई बाबूलाल, एएसआई हरिराम, लक्ष्मीलाल, कांस्टेबल राकेश, बाबूलाल, प्रेमाराम, दिनेश, श्रवण, बाबूलाल, अचलाराम, रूपाराम, प्रेमाराम, धर्मीचन्द और रामकिशोर शामिल थे।

पुलिस की कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी सहित विद्युत तार और स्टार्टर चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी और चार चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के बाद पुलिस अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story