बड़ीसादड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी बड़ीसादड़ी की ओर से घंटाघर चौराहे पर पेपर लीक मामलों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

नगर महामंत्री अरविंद बक्षी ने बताया कि धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। इसके साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से देश के छात्रों से माफी मांगने की मांग भी की।

धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदेश सचिव हनुमंत सिंह बोहेड़ा, जिला उपाध्यक्ष अभय मेहता, ब्लॉक अध्यक्ष राम चन्द्र जाट (लालसिंह), नगर अध्यक्ष रणजीत सिंह झाला, जिला महासचिव जगदीश सुथार, समस्त ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य, नगर कार्यकारिणी के सदस्य, पूर्व एवं वर्तमान पार्षद, पूर्व सरपंच, पूर्व पंचायत समिति सदस्य, पूर्व प्रधान एवं प्रधान, समस्त मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए अपनी मांगों को दोहराया और इस मामले में जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story