बड़ी सादड़ी में तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री दक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
बड़ी सादड़ी में विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। मंत्री गौतम दक ने विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया और आगामी नगर निकाय चुनाव में एकजुटता का आह्वान किया।

तस्वीर में सहकारिता मंत्री गौतम दक और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ीसादड़ी में राजकीय महाविद्यालय के नवीन भवन के शिलान्यास पट्टिका के पास खड़े नजर आ रहे हैं।
बड़ी सादड़ी नगर में शुक्रवार को विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति, विकास और जनसमर्थन का संगम देखने को मिला। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के नवीन भवन का शिलान्यास, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) एवं स्तनपान प्रबंधन इकाई (LMU) भवन का लोकार्पण किया गया। इसके बाद पंचमुखी बालाजी मंदिर से निकली विशाल तिरंगा यात्रा पूरे नगर में आकर्षण और चर्चा का केंद्र बनी रही।
अमृत महोत्सव को लेकर आयोजित तिरंगा यात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के साथ भाग लिया। मंत्री गौतम दक संपूर्ण यात्रा में स्वयं उपस्थित रहे और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा नीमच रोड, घंटाघर चौराहा, वीर शिरोमणि झाला मन्ना सर्किल सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कृषि उपज मंडी परिसर पहुंची।
यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं युवा संगठनों सहित आम नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर तिरंगे का अभिनंदन किया। प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के नारों और पुष्पवर्षा से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
तिरंगा यात्रा का समापन बड़ी सादड़ी कृषि उपज मंडी में हुआ। यहां आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गौतम दक ने कहा, "डबल इंजन सरकार के कारण बड़ीसादड़ी सहित पूरे क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। विकास की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहे, इसके लिए जनता का सहयोग और भाजपा का मजबूत नेतृत्व आवश्यक है।" उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनावों में संगठन और समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता ने कहा कि मंत्री गौतम दक के विशेष प्रयासों से बड़ीसादड़ी को अनेक ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं, जिनकी वर्षों से क्षेत्रवासियों को प्रतीक्षा थी। उन्होंने बताया कि बड़ीसादड़ी के विकास को नई गति देने वाले कार्यों में उप जिला चिकित्सालय भवन की स्वीकृति, सूर्यासागर तालाब का जीर्णोद्धार एवं सेल्फी पॉइंट निर्माण, ललित सागर बांध का सौंदर्यीकरण, एडीजे कोर्ट का शुभारंभ, कृषि उपज मंडी में डोम निर्माण, खेल मैदान विकास हेतु 50 लाख रुपये की घोषणा, पशु चिकित्सालय निर्माण, राजकीय महाविद्यालय के नवीन भवन का शिलान्यास तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए BPHU एवं LMU भवन का लोकार्पण जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया ने अपने संबोधन में कहा कि बड़ीसादड़ी में हुए विकास कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे तथा नगर को नई पहचान देंगे। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, "कार्यकर्ता वार्ड जीताए, भाजपा का पुनः बोर्ड बनेगा।"
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा सहकारिता मंत्री गौतम दक, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया, भाजपा नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, निकुम्भ मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जणवा, पूर्व प्रधान नंदलाल मेनारिया, उप प्रधान राम चंद्र जोशी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया।
आयोजित विशाल कार्यक्रम में प्रजापत, सुथार, सेन, मोची, गाड़ी लोहार समाज, सरपंच संघ, गायत्री नवयुवक मंडल, ऋण मुक्तेश्वर महादेव समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी सहित कई संगठनों ने मंत्री एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया।
राजकीय महाविद्यालय के नवीन भवन के शिलान्यास, BPHU एवं LMU भवन के लोकार्पण और विशाल तिरंगा यात्रा के साथ बड़ी सादड़ी में आयोजित कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, विकास और जनविश्वास का प्रतीक बना। हजारों नागरिकों की सहभागिता, प्रमुख चौराहों पर हुई पुष्पवर्षा और विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुई यह तिरंगा यात्रा पूरे नगर में चर्चा का विषय रही।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
