बड़ी सादड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान तेज, 160 राजस्व गांवों में मतदान के लिए गूंज रहे नारे
बड़ी सादड़ी के 160 राजस्व गांवों में स्वीप टीम मतदाता जागरूकता अभियान चला रही है। सोमपुर में विद्यार्थियों की रैली, वोट चौपाल और संवाद के जरिए 14 और 16 नवंबर 2026 के पंचायत चुनावों में मतदान की अपील की गई।

बड़ी सादड़ी उपखंड के सोमपुर गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्वीप टीम और विद्यार्थियों ने बैनर-पोस्टर के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में आगामी पंचायत चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्वीप टीम लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोमपुर गांव में बाल विद्यार्थियों की रैली, वोट चौपाल और संवाद कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावक मतदाताओं को मतदान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नारों के जरिए ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
सोमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’, ‘स्वीप टीम रो केणो है, वोट सबने देणो है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे नारों के माध्यम से मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से मतदान करने का संदेश दिया गया। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने कहा कि ‘आपणों वोट लोकतंत्र रो प्राण है, इसका जरूर दान करो।’ उन्होंने ‘सुनो रे भाईडा, वोट जरूर दिजो’ और ‘वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है’ जैसे नारों के जरिए भी मतदान का महत्व समझाया।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित विद्यालयों सहित दर्जनों अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा चुका है। स्वीप टीम विभिन्न गांवों की चौपालों पर रैलियों के साथ रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और नवमतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
इसके अलावा गरबा महोत्सव में मतदाता जागरूकता अभियान, नवरात्र के दौरान ज्वारा विसर्जन पर मतदान की अपील, युवाओं से मतदान का आह्वान और ‘यूथ चला बूथ की ओर’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। गरबा और माताजी विसर्जन जैसे आयोजनों के दौरान भी मतदान का संदेश दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के हर गांव और गली तक पहुंचकर मतदाताओं को आगामी चुनावों में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वीप टीम ने मतदाताओं से 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की है। अभियान के तहत लोगों को लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने का संकल्प भी दिलाया जा रहा है। स्वीप टीम के अनुसार, बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में मतदाता जागरूकता अभियान का संदेश पहुंच चुका है और गांव-गांव, गली-मोहल्लों में मतदान संबंधी नारे गूंजने लगे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नारे लगाकर ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया। टीम ने बताया कि जिन युवाओं की उम्र अभी 18 वर्ष हो गई है, उनके नाम संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची में जोड़ रहे हैं। ऐसे में पात्र युवाओं से नाम जुड़वाने और मतदान के अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई। ‘मत चुके मतदान’ के संदेश के साथ किसी भी पात्र मतदाता से मतदान का अवसर नहीं चूकने का आह्वान किया गया।
स्वीप टीम ने प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर अपने गांव आने के लिए बुलावा और मनुहार करने की बात कही। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए और अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चल रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व तथा स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ के मार्गदर्शन में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सहयोग से भी अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अभियान से जुड़ी गतिविधियों की समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कवरेज का संकलन सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से कर रहे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग दे रहे हैं।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में रैलियों, चौपालों, विद्यालयी कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे नारों के जरिए मतदाताओं को स्वतंत्र और जिम्मेदारीपूर्ण मतदान का संदेश दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति, पंच और सरपंच चुनावों में अधिकतम मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
