बड़ी सादड़ी में स्वीप टीम ने शुरू किया मतदाता जागरूकता अभियान का दूसरा चरण
पंचायत चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए रैलियों, वोट चौपाल और संकल्प कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को प्रेरित किया जा रहा है।

बड़ी सादड़ी के गुंडलपुर स्थित चारभुजा मंदिर में वोट चौपाल आयोजित हुई।
बड़ी सादड़ी। पंचायत आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़ी सादड़ी उपखंड की स्वीप टीम ने मतदाता जागरूकता अभियान के दूसरे चरण का भव्य शुभारंभ किया। चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ की सीमा पर स्थित सबसे दूरस्थ आफरा तालाब से शुरू हुए अभियान के तहत तिरंगा रैली, रोड शो, वोट चौपाल और शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान गुंडलपुर के चारभुजा मंदिर पर वोट चौपाल आयोजित की गई, वहीं पूरे गांव में रैली निकालकर ‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’ का संदेश दिया गया।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित 71 विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा गांवों और चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता और नवमतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी के साथ अप्रत्यक्ष मतदाताओं नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा, जीजाजी और जीजी को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। मतदाताओं से आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का आह्वान किया गया।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में स्वीप अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में टीम ने आफरा तालाब से अभियान की शुरुआत कर गुंडलपुर, कीटखेड़ा और लिंकोड़ा में मतदाताओं से संपर्क किया। पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर टीम के लगातार दौरों और विभिन्न गतिविधियों से क्षेत्र में मतदाताओं के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।
टीम ने प्रवासी मतदाताओं से भी मतदान दिवस पर अपने गांव पहुंचने की अपील की। उन्हें मनुहार के साथ बुलाने और मतदान के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा गया कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों तक मतदान का संदेश पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
भगवत सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों को सरल और प्रभावी तरीके से मतदान का महत्व समझाया। उन्होंने उदासीन मतदाताओं को बहुविकल्पीय प्रश्नों के उदाहरण देकर बताया कि यदि किसी मतदाता को कोई प्रत्याशी उपयुक्त नहीं लगता है, तो वह ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ अर्थात् नोटा विकल्प का उपयोग कर सकता है, लेकिन मतदान अवश्य करना चाहिए।
विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए शक्तावत ने सफल नागरिक बनने के लिए एक समय में एक ही काम करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने ‘वन टाइम, वन प्रोग्राम मिशन’ के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि पढ़ने के समय पढ़ें, खाने के समय खाएं, सोने के समय सोएं, खेलने के समय खेलें और अन्य कार्यों के लिए निर्धारित समय पर वही काम करें। उनके अनुसार, इस अनुशासन से जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। शक्तावत प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को यह संदेश देते हैं, जिसका विद्यार्थियों पर अच्छा प्रभाव पड़ रहा है।
स्वीप टीम की रैलियों और रोड शो के माध्यम से विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ा। विद्यार्थियों ने अपने-अपने परिजन मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। अभियान के दौरान ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई-बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे संदेशों के जरिए मतदाताओं को जागरूक किया गया।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए कवरेज का संकलन सतपाल धाकड़ कर रहे हैं।
टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग दे रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालयों के संस्था प्रधानों सहित शिक्षक और समाजजन मौजूद रहे। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने तथा आगामी पंचायत चुनावों में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने की शपथ ली।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
