बड़ी सादड़ी में स्वीप अभियान शुरू, छात्रों को बनाया स्टार प्रचारक
पंचायत चुनाव 2026 के तहत विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों तक 14 और 16 नवंबर को होने वाले मतदान का समय और संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

तस्वीर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जरखाना परिसर में स्वीप टीम और विद्यार्थी बैनर लिए खड़े हैं।
बड़ी सादड़ी। आगामी पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर बड़ी सादड़ी में स्वीप टीम का मतदाता जागरूकता अभियान बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जरखाना से शुरू हुआ। अभियान के दौरान विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिजन मतदाताओं तक मतदान की तारीख, समय और मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश पहुंचाया गया।
स्वीप टीम बड़ी सादड़ी के प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डॉक्टर मंजू एवं जिला स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में बड़ी सादड़ी खंड में अभियान शुरू किया गया। प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में स्वीप टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जरखाना से अभियान की शुरुआत की।
इसके बाद स्वीप टीम संगरिया विद्यालय पहुंची। यहां छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने कहा कि विद्यार्थी अभी मतदाता नहीं हैं, लेकिन जिस तरह खेल मैदान में दर्शक खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हैं, उसी तरह वे अपने-अपने परिजन मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक और प्रेरित करने का काम कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को आज से चुनाव आयोग के ‘स्टार प्रचारक’ की उपाधि दी जाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने परिजन मतदाताओं, दादा-दादी, माता-पिता, ताऊ-ताई, चाचा-चाची, भैया-भाभी और निकटतम मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच एवं सरपंच के मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र रूपी महापर्व में मतदाता अपनी शत-प्रतिशत भागीदारी निभाएं, यही चुनाव आयोग का उद्देश्य है।
अभियान के दौरान जरखाना स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्णा योगी, संगरिया के प्रधानाचार्य सलीम मंसूरी सहित दोनों विद्यालयों का स्टाफ मौजूद रहा। टीम के सहयोगी कैलाश रावत, रामेश्वर मेघवाल और शंभू अहीर भी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील करते नजर आए।
बड़ी सादड़ी स्वीप टीम की बुधवार की मुख्य गतिविधि चुनाव की तारीख और मतदान के समय की जानकारी विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों तक पहुंचाना रही। विद्यार्थियों को बताया गया कि दोनों ही दिन मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। यह संदेश ब्लॉक के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाया गया। सभी विद्यालयों के संस्था प्रधानों ने प्रार्थना सभा में भी विद्यार्थियों को मतदान की तारीख और समय की जानकारी दी। इस तरह स्वीप अभियान में विद्यार्थियों को जागरूकता संदेश को परिवारों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी बनाया गया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
