बड़ीसादड़ी में श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान द्वारा संचालित "वरिष्ठ हमारे गौरव" प्रकल्प के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित मासिक एकत्रीकरण इस बार विशेष स्वरूप में संपन्न हुआ। संस्थान का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ जनों के लिए ऐसा मंच तैयार करना है, जहां सभी एकत्र होकर उनसे संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास कर सकें।

इसी उद्देश्य के अनुरूप प्रत्येक माह की 5 तारीख को वरिष्ठ जनों का एकत्रीकरण आयोजित किया जाता है। इस दौरान वरिष्ठजन विभिन्न खेलों में भाग लेते हैं, जन्म दिवस मनाते हैं तथा विविध विषयों पर औपचारिक और अनौपचारिक चर्चा करते हैं। इस माह आयोजित एकत्रीकरण में विशेष प्रयोग करते हुए वरिष्ठ जनों को सपरिवार आमंत्रित किया गया। साथ ही बालाजी संस्थान के कार्यकर्ता भी अपने परिवारों सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। स्नेह मिलन कार्यक्रम में बालक, बालिकाएं, मातृशक्ति, वरिष्ठजन और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वीर सावरकर सभागार में आयोजित परिचर्चा से हुई, जिसमें विभिन्न सामाजिक विषयों पर उपस्थित लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। परिचर्चा के दौरान सभी ने एक स्वर में स्वीकार किया कि अपना संपूर्ण जीवन परिवार और समाज के लिए समर्पित करने वाले वरिष्ठ जनों को जीवन के इस पड़ाव पर साधनों और संसाधनों से अधिक परिवार का समय, स्नेह और सम्मान चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि परिवार और समाज द्वारा वरिष्ठ जनों को दिया गया समय उनके लिए संजीवनी का कार्य करता है।

परिचर्चा के समापन पर "वरिष्ठ हमारे गौरव" के सदस्य कमला शंकर चौबीसा और पारस मोगरा का जन्म दिवस मनाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।

परिचर्चा से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने बालाजी उद्यान में विभिन्न प्रकार के सामूहिक खेलों का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 120 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी बालाजी संस्थान की ओर से अभिषेक सोनी ने दी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story