बड़ी सादड़ी में राणा सांगा कप T-15 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू
नगर पालिका अध्यक्ष ममता बाबेल ने किया उद्घाटन; 8 टीमें ले रही हैं भाग, विजेता को मिलेंगे 41 हजार रुपये।

बड़ी सादड़ी के कृष्ण वाटिका मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अतिथि।
बड़ी सादड़ी में क्षत्रिय राजपूत नवयुग मंडल की ओर से राणा सांगा कप प्रथम सीजन टी-15 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष ममता बाबेल एवं उपाध्यक्ष रणजीत सिंह झाला ने मौली बंधन खोलकर किया।
आयोजकर्ता कुशाल सिंह चौहान, नवदीप, लाल सिंह एवं कैलाश टेलर ने बताया कि बड़ीसादड़ी में पहली बार कृष्ण वाटिका मैदान पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार-चार टीमों के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है।
उद्घाटन मुकाबला जय किसान रॉयल और बालाजी आउटबीट के बीच खेला गया। इसमें जय किसान रॉयल टीम विजेता रही। पहले मुकाबले में महिपाल जाट को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
सात दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में लीग मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों विजेता टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 41 हजार रुपए नकद, ट्रॉफी एवं मोमेंटो, जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए नकद, ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के समापन पर फाइनल मुकाबले के बाद मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट प्लेयर, बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट बॉलर एवं बेस्ट फील्डर के पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
उद्घाटन अवसर पर पार्षद भंवरलाल रेगर, विजय सिंह भाटी, अश्विन महात्मा, योगिता शर्मा, सोनू शर्मा, विनोद गर्ग, मुस्तफा हुसैन, गोविंद चौधरी, मुकेश सेन, जगन्नाथ सालवी, सुनील सिंह चौहान, रामेश्वर लाल गायरी, सुनील सालवी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
