बड़ी सादड़ी में श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाली रामधुन की श्रृंखला के तहत 239वीं रामधुन का आयोजन प्रातः 6:45 बजे आनंद धाम श्री राम द्वारा चौक से प्रारंभ हुआ। रामधुन नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई दुर्गा शंकर गर्ग, रवि गर्ग और सुधीर गर्ग के आवास पर पहुंची, जहां गर्ग परिवार ने अपने इष्ट मित्रों एवं मोहल्लेवासियों की उपस्थिति में पुष्प वर्षा कर रामधुन का भव्य स्वागत किया।

इस दौरान उपस्थित सभी भक्तजनों ने सामूहिक रूप से विजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया। पाठ के पश्चात गर्ग परिवार द्वारा भगवान की आरती की गई। आरती के बाद धर्म सभा का आयोजन किया गया।

बालाजी संस्थान की ओर से आयोजित धर्म सभा में "सनातन संस्कृति और हमारे संस्कार" विषय पर चर्चा की गई। संस्थान की ओर से संबोधित करते हुए अभिषेक सोनी ने कहा कि बालाजी संस्थान द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यों, कार्यक्रमों एवं विशेष रूप से रामधुन के पीछे स्पष्ट उद्देश्य सनातन संस्कारों के आधार पर समाज जागरण की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्यता और संस्कृति की नींव उसके संस्कार होते हैं तथा संस्कारों के संरक्षण के साथ ही भावी पीढ़ी में उनका हस्तांतरण आवश्यक है।

अभिषेक सोनी ने विजय मंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि विजय मंत्र एक सिद्ध मंत्र है। समर्थ गुरु रामदास के मार्गदर्शन में छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा स्वराज की स्थापना विजय मंत्र के महत्व का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने रामधुन में शामिल भक्तों के साथ आयोजन के दौरान ध्यान रखने योग्य एवं करणीय विभिन्न छोटी-छोटी बातों पर भी चर्चा की।

बालाजी संस्थान की ओर से सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया गया कि प्रत्येक रविवार को आयोजित रामधुन में अपने परिवार सहित बालकों को साथ लेकर सहभागिता करें। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की ओर से गर्ग परिवार का अभिनंदन किया गया। दुर्गा शंकर गर्ग ने रामधुन में पधारे सभी भक्तजनों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन के माध्यम से संस्थान ने सनातन संस्कारों के संरक्षण और समाज जागरण के संदेश को पुनः रेखांकित किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story