बड़ी सादड़ी में श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान द्वारा आयोजित 240 वी रामधुन का आनंद धाम श्री रामद्वारा में भव्य स्वागत किया गया। प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाली रामधुन के क्रम में प्रातः 6:45 बजे रामधुन श्री रामद्वारा चौक से प्रारंभ हुई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः रामद्वारा पहुंची।

रामधुन में विशिष्ट अतिथि के रूप में गणबोर श्री चारभुजा जी मंदिर के पुजारी गणेश जी, कैलाश जी व अन्य पुजारी उपस्थित रहे। रामद्वारा में उपस्थित सभी भक्तजनों ने सामूहिक रूप से विजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके पश्चात धर्म सभा का आयोजन किया गया।

धर्म सभा में चारभुजा जी से पधारे पुजारी जी का अनंतराम जी महाराज ने शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। धर्म सभा को संबोधित करते हुए अनंतराम जी महाराज ने बड़ी सादड़ी स्थित रामद्वारा के पिछली साथ पीढ़ियों के इतिहास एवं संत परंपरा पर प्रकाश डाला।

अनंतराम जी महाराज ने कहा कि आत्मा से परमात्मा तक की यात्रा सद्गुरु के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं है। भारतीय परंपरा में गुरु शिष्य परंपरा का अत्यंत महत्व है। भारतीय इतिहास में सद्गुरु के मार्गदर्शन में अनेक युग परिवर्तनकारी महापुरुषों का निर्माण हुआ है, जिन्होंने हमारी सनातन धर्म ध्वजा को संपूर्ण विश्व में फहराया है। गुरु पूर्णिमा महोत्सव इसी गुरु शिष्य परंपरा को समर्पित है।

बालाजी संस्थान की ओर से मनोज साहू ने छत्रपति शिवाजी महाराज, स्वामी विवेकानंद सहित महापुरुषों के जीवन में गुरु की महिमा से संबंधित प्रेरक प्रसंग का वर्णन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story