बड़ी सादड़ी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पूछताछ में उन्होंने प्रतापगढ़, सलूंबर और चित्तौड़गढ़ में एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं।

तस्वीर में बड़ी सादड़ी थाने के सामने 8 पुलिसकर्मी 3 बरामद मोटरसाइकिलों के पीछे खड़े हैं।
बड़ी सादड़ी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग टीमों के माध्यम से कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने एक दर्जन से अधिक अन्य वारदातें करना कबूल किया है। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी की गई 03 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
मामले की शुरुआत दिलीप सिंह पुत्र श्यामसिंह पंवार निवासी बम्बोरी थाना जलोदा जागीर जिला प्रतापगढ़ की रिपोर्ट से हुई। उन्होंने 27.08.2026 को थाना उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी कि उनके भाई भंवरसिंह पिता श्यामसिंह पंवार निवासी बम्बोरी थाना जलोदा जागीर की बाइक नंबर आरजे 27 एसएक्स 3228 बजाज पल्सर 150 उनके भाई के साथ काम करने वाले सुपरवाइजर टींकुसिंह निवासी उत्तर प्रदेश को चलाने के लिए दी गई थी। टींकुसिंह नाकोड़ा नगर बड़ी सादड़ी में किराये के मकान में रहता है। उसने बाइक 22.08.2026 की रात मकान के बाहर खड़ी की थी। 23.08.2026 की सुबह बाइक वहां नहीं मिली। इसकी जानकारी उसने उसी दिन भंवरसिंह और दिलीप सिंह को दी थी। दोनों किसी काम से बाहर होने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आ सके। रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या प्र.स. 212/2026 धारा 303 (2) में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आई.पी.एस. के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह आर.पी.एस. के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त बड़ी सादड़ी हरिशचन्द्र सिंह आर.पी.एस. के सुपरविजन में संपत्ति संबंधी अपराधों को ट्रेस आउट करने और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाधिकारी बड़ी सादड़ी भगवानलाल पु.नि. के नेतृत्व में बाबूलाल उ.नि. मय जाप्ता की टीम गठित की गई।
टीम ने नाकोड़ा नगर कस्बा बड़ी सादड़ी में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। नाकोड़ा नगर से चोरी की गई मोटरसाइकिल की तलाश के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में लोकेश सिंह, कन्हैयालाल मीणा, देवनारायण मीणा एवं गौतम लाल मीणा द्वारा वारदात करना पाया गया। पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बजाज पल्सर 150 सीसी मोटरसाइकिल रजि. नंबर आरजे 27 एसएक्स 3228 बरामद की। अभियुक्तों से दीगर वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने गांव बम्बोरा पुलिस थाना जलौदा जागीर जिला प्रतापगढ़ से रात के समय हीरो होंडा कंपनी की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना, गांव कालीभीत पुलिस थाना लसाडिया जिला सलूम्बर से रात के समय बजाज कंपनी की प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना तथा कस्बा बड़ी सादड़ी नीमच रोड से हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया है।
इसी तरह रघुनाथपुरा गांव से विद्युत लाइन के खंभे से मेन लाइन के तार चुराने, गांव मरजीवी निंबाहेड़ा में गांव के बाहर की तरफ से बजाज कंपनी की प्लेटिना मोटरसाइकिल एवं एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात भी कबूल की गई है। इसके अलावा मंगलवाड़ गांव से डूंगला रोड पर स्थित कुएं से पानी की मोटर चोरी करना, राती मंगरी से लोठियाना गांव की तरफ जाने वाले रोड से ट्यूबवेल की मोटर चोरी करना तथा नीमच रोड निंबाहेड़ा से हाईवे ब्रिज के नीचे से हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करना भी अभियुक्तों ने स्वीकार किया है।
अभियुक्तों ने छोटीसादड़ी कस्बे में गांधी चौक से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना भी कबूल किया है। पुलिस ने लोकेश सिंह पुत्र रामसिंह मीणा निवासी मरावदिया पुलिस थाना बड़ीसादड़ी जिला चित्तौड़गढ़, कन्हैयालाल पुत्र कैलाश मीणा निवासी भचेड़ी पुलिस थाना जलोदा जागीर जिला प्रतापगढ़, देवनारायण पुत्र पारस सिंह मीणा निवासी मरावदिया पुलिस थाना बड़ीसादड़ी जिला चित्तौड़गढ़ तथा गौतम लाल पुत्र लक्ष्मीलाल मीणा निवासी संतोषपुरिया पुलिस थाना छोटी सादड़ी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त लोकेश सिंह के विरुद्ध पूर्व में अपहरण का प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है। वहीं अभियुक्त देवनारायण के विरुद्ध पूर्व में पोक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है।
उक्त कार्रवाई में पुलिस टीम के बाबूलाल उ.नि., दिनेश कानि., बाबूलाल कानि., बाबूलाल कानि., रूपाराम कानि., लक्ष्मीलाल स.उ.नि., राकेश कानि. और प्रेमाराम कानि. का सहयोग रहा। पुलिस द्वारा अभियुक्तों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है, जिससे गिरोह से जुड़ी चोरी की वारदातों और बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा सके।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
