बड़ी सादड़ी उपखंड की अमीरामा ग्राम पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मानपुरा के शिक्षकों ने अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के अभियान "एक पेड़ मां भारती के नाम" के तहत पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मानपुरा के ग्रामीणों ने माताजी मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना और हवन की पूर्णाहुति के साथ प्रति व्यक्ति "एक पेड़ मां भारती के नाम" लगाने की शपथ ली।

कार्यक्रम की जानकारी शिक्षक सतपाल धाकड़ ने देते हुए बताया कि संस्था प्रधान भगवत सिंह शक्तावत की अनूठी पहल के तहत पौधारोपण कराया गया। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को उनकी पसंद के फलदार एवं औषधीय पौधे, जिनमें आम, अमरूद, सीताफल, जामुन और तुलसी शामिल हैं, वितरित किए गए।

संस्था प्रधान भगवत सिंह शक्तावत ने सभी ग्रामीणों से वितरित पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा सके।

कार्यक्रम में हवन-पूजन पंडित भेरू लाल चौबीसा ने संपन्न कराया। इस अवसर पर प्रताप सिंह, भगत, उदय लाल, खेमराज, काशीराम, राम लाल, लक्ष्मण, बाबू लाल सहित कई गणमान्य नागरिक और महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story