बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र में आगामी पंचायत चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्वीप टीम ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। विद्यार्थियों की रैलियों, मतदाता संवाद, वोट चौपाल और शिक्षकों की ओर से ढोल बजाकर किए जा रहे जनजागरण के माध्यम से अभिभावक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कापड़िया का खेड़ा और चानद्रा खेड़ी में बाल विद्यार्थियों की रैली निकालकर मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई-बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’, ‘स्वीप टीम रो केणो है, वोट सबने देणो है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। शिक्षकों ने ढोल बजाकर रैली में उत्साह बढ़ाया और मतदाताओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

स्वीप टीम बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में लगातार नए प्रयोगों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित विद्यालयों सहित उपखंड क्षेत्र के दर्जनों अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मतदाताओं को जागरूक करने के अभियान को चरम तक पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं।

स्वीप टीम की ओर से कई गांवों की चौपालों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इनमें विद्यार्थियों की रैलियां, रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा, नवमतदाता अभिनंदन, गरबा महोत्सव में जागरूकता अभियान, नवरात्र के ज्वारा विसर्जन के दौरान मतदान की अपील, युवाओं से मतदान का आह्वान और ‘यूथ चला बूथ की ओर’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। गरबा और माताजी विसर्जन जैसे आयोजनों के दौरान भी ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के हर गांव और गली तक पहुंचकर मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। स्वीप टीम का अभियान उपखंड क्षेत्र के सभी 160 राजस्व गांवों तक पहुंच चुका है और गांव-गांव में मतदान के संदेश गूंजने लगे हैं।

स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने कापड़िया का खेड़ा और चानद्रा खेड़ी में वोट चौपाल आयोजित करने के साथ रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों से मतदान संबंधी नारे लगवाए। भगवत सिंह शक्तावत ने कहा, “आपणों वोट लोकतंत रो प्राण है, इसका जरूर दान करो।” उन्होंने ग्रामीणों से ‘सुनो रे भाईडा, वोट जरूर दिजो’ के संदेश के साथ मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोट हमारा अधिकार है और वोट देना हमारा धर्म है।

अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी ऐसे नए मतदाताओं के नाम जोड़ रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए ‘मत चुके मतदान’ का संदेश भी दिया जा रहा है।

स्वीप टीम की ओर से प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर अपने गांव आने के लिए बुलावा और मनुहार की जा रही है। उन्हें समझाया जा रहा है कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। प्रवासी मतदाताओं को प्रेरित कर मतदान करवाना भी इस अभियान का अहम हिस्सा है।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व तथा स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ के सहयोग से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

अभियान से संबंधित समाचारों की कवरेज का संकलन करने के लिए सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों को संपन्न कराने में सहयोग कर रहे हैं।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई-बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे नारे अब गांव-गांव और गली-मोहल्लों में गूंजने लगे हैं। स्वीप टीम का उद्देश्य आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच चुनावों में अधिकतम मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाना है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story