बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर स्वीप टीम ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। नवरात्रि विदाई, ज्वारे विसर्जन और धार्मिक आयोजनों के बीच टीम ने मतदाताओं से संवाद कर आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’ का संदेश देते हुए लोगों को बिना किसी प्रलोभन के अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वीप टीम बड़ी सादड़ी ने घुमंतू बस्ती, झाला मन्ना कॉलोनी और करजू मोड़ पर वोट चौपाल लगाकर युवा मतदाताओं से मतदान को लेकर संवाद किया। अभियान के दौरान ‘बाई-बापू ने केनो है, वोट सबने देना है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे संदेशों के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकार और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाता जागरूकता के लिए लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित उपखंड क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा कई गांवों और चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और नवमतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से मतदान का संदेश पहुंचाया गया है।

इन गतिविधियों के जरिए प्रत्यक्ष मतदाता परिजनों में दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी के साथ अप्रत्यक्ष मतदाता परिजनों में नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा, जीजाजी और जीजी को भी आगामी चुनावों में मतदान करने की शपथ दिलाई गई। टीम ने सभी से 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। स्वीप टीम प्रभारी के अनुसार, बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में मतदाता जागरूकता अभियान का संदेश पहुंच चुका है।

इसी क्रम में स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र की सरहद और छोटी सादड़ी उपखंड की सीमा पर स्थित माताजी की वाड़ी पहुंचे। वहां नवरात्रि विदाई और ज्वारे विसर्जन के अवसर पर मौजूद भोपाजी तथा श्रद्धालुओं से संपर्क कर 14 और 16 नवंबर 2026 को होने वाले चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की गई। इस दौरान भोपाजी ने भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “सुनो रे भाईडा वोट जरूर दिजो” और “वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है।”

स्वीप टीम ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने पर भी जोर दिया। टीम ने बताया कि जिन युवाओं की उम्र अभी 18 वर्ष हुई है, उनके नाम संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची में जोड़ रहे हैं। ऐसे में पात्र युवा अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया से वंचित न रहें। इसके साथ ही प्रवासी मतदाताओं को मतदान दिवस पर अपने क्षेत्र में बुलाने के लिए संपर्क और मनुहार करने की बात कही गई। टीम ने समझाया कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रवासी मतदाताओं को प्रेरित करना और उन्हें मतदान के लिए बुलाना भी सभी की जिम्मेदारी है।

स्वीप टीम की लगातार आयोजित रैलियों और रोड शो से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने-अपने परिजन मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई। पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में चल रही इन गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने और चुनाव में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व तथा स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में संचालित हो रहा है। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कवरेज के संकलन का कार्य सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से कर रहे हैं। वहीं, टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के संचालन में सहयोग कर रहे हैं।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story