निकुंभ में नव मतदाता विद्यार्थियों का ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन, परिजनों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ
पंचायत आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़ी सादड़ी उपखंड में रैलियों, प्रतियोगिताओं और वोट चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।

बड़ी सादड़ी उपखंड के विद्यालय में आयोजित स्वीप कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्व समझाते स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर स्वीप टीम मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में निकुंभ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और महात्मा गांधी विद्यालय सहित पुनावली में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और उनके परिजनों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। निकुंभ में नव मतदाता विद्यार्थियों का ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया, वहीं रैलियों के माध्यम से अभिभावक मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में अब तक 25 ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित 66 विद्यालयों में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा गांवों और चौपालों पर रैलियां, रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और नव मतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में से 138 गांवों में स्वीप अभियान की गतिविधियां पहुंच चुकी हैं।
अभियान के तहत मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन और 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं, जिनमें दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी शामिल हैं, तथा अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं, जिनमें नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा, जीजाजी और जीजी शामिल हैं, को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार के मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने अपने दौरे की शुरुआत भानुजा से की। इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निकुंभ, महात्मा गांधी विद्यालय निकुंभ और पुनावली में मतदाताओं से संपर्क कर आगामी चुनावों में मतदान करने की अपील की गई। स्वीप टीम के लगातार दौरों और रैलियों तथा रोड शो जैसी गतिविधियों से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। पुनावली में आयोजित वोट चौपाल में भी शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान करते हुए ‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’ का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवत सिंह शक्तावत ने सरल और प्रभावी तरीके से मतदान का महत्व समझाया। उन्होंने उदासीन मतदाताओं को बहुविकल्पीय प्रश्नों का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता को कोई प्रत्याशी उपयुक्त नहीं लगता है तो वह ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ अर्थात् नोटा विकल्प का उपयोग कर सकता है, लेकिन मतदान अवश्य करे। उन्होंने कहा कि उदासीन मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शक्तावत ने विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए सफल नागरिक बनने के लिए एक समय में एक ही काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने ‘वन टाइम वन प्रोग्राम मिशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पढ़ने के समय पढ़ें, खाने के समय खाएं, सोने के समय सोएं, खेलने के समय खेलें और अन्य कामों के लिए निर्धारित समय पर वही काम करें। इससे जीवन में सफलता प्राप्त करने में मदद मिलेगी। स्वीप टीम की रैलियों और रोड शो ने विद्यार्थियों में उत्साह भरने के साथ उन्हें अपने परिजन मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी दिलाया।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी, के सानिध्य में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए कवरेज संकलन का कार्य सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से कर रहे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालयों के संस्था प्रधानों, समस्त शिक्षकों और समाजजनों की उपस्थिति रही। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने और आगामी पंचायत चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की शपथ ली

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
