बड़ी सादड़ी के निरंकारी सत्संग में सेवा का संदेश, हरजिंदर सिंह ने बताई सच्ची भक्ति की पहचान
बड़ी सादड़ी के निरंकारी सत्संग स्थल पर आयोजित साप्ताहिक सत्संग में प्रचारक महात्मा हरजिंदर सिंह ने सेवा, भक्ति और नम्रता का संदेश दिया।

बड़ी सादड़ी स्थित निरंकारी सत्संग स्थल पर साप्ताहिक सत्संग के दौरान संगत को संबोधित करते हुए प्रचारक महात्मा हरजिंदर सिंह।
बड़ी सादड़ी स्थित निरंकारी सत्संग स्थल पर आयोजित जनरल साप्ताहिक सत्संग में प्रचारक महात्मा हरजिंदर सिंह सूरतगढ़ ने सेवा, भक्ति और नम्रता का महत्व बताते हुए कहा कि जो सेवा दिल से की जाए, वही सच्ची और सबसे अच्छी सेवा होती है। सेवा में तन के साथ मन का समर्पण भी आवश्यक है। सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसमें अहंकार के बजाय नम्रता और दास भावना हो।
सत्संग में महात्मा हरजिंदर सिंह ने कहा कि सेवा का महत्व एक सेवादार भक्त ही समझ सकता है। वही भक्ति के वास्तविक स्वरूप को जानता है। भक्त एक खिला हुआ फूल होता है और भक्ति उसकी महक होती है। सेवा वही व्यक्ति कर सकता है, जो नम्रता और दास भावना के साथ कार्य करता है। अहंकारी व्यक्ति सच्ची सेवा नहीं कर सकता। सच्चा सेवक स्वयं को सेवा का कर्ता भी नहीं मानता। इसी भावना के साथ सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने जीवन में नर सेवा को नारायण सेवा के रूप में अपनाने का संदेश दिया है।
संगत इंचार्ज राधेश्याम रेगर ने बताया कि संत निरंकारी मिशन का 79वां अंतरराष्ट्रीय वार्षिक संत समागम 23 से 26 अक्टूबर तक हरियाणा के पानीपत समालखा स्थित आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित होगा। इस समागम में शामिल होने के लिए 22 अक्टूबर को भीलवाड़ा जॉन 21A से हजारों निरंकारी श्रद्धालु समालखा के लिए प्रस्थान करेंगे।
उन्होंने कहा कि संत समागम मानव जीवन में प्रभु प्राप्ति की जिज्ञासा को शांत करने का सुनहरा अवसर है। यह आत्मतत्व को पहचानने का भी अवसर प्रदान करता है। जिस स्थान पर प्रभु के भक्त निवास करते हैं, वह स्वर्ग से भी सुंदर बन जाता है। निरंकारी संत समागम भी ऐसा ही अवसर होगा, जहां धरती पर स्वर्ग जैसी अनुभूति होगी।
राधेश्याम रेगर ने कहा कि सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज से निराकार परमात्मा को जान चुके निरंकारी भक्त सभी में भगवान का स्वरूप देखते हैं। इसी भावना के कारण वे एक-दूसरे को गले लगाते हैं। ऐसा स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं होता। कार्यक्रम का संचालन बाल संत पुष्पेंद्र ने किया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
