बड़ी सादड़ी नगर में रविवार को शारदीय नवरात्र महोत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। नवरात्र के पहले दिन घरों, मंदिरों और विभिन्न गरबा मंडलों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना की गई। मां दुर्गा के जयकारों से धार्मिक स्थलों का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नवरात्र की शुरुआत की।

नगर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी सादड़ी ठिकाना स्थित आद माताजी मंदिर में विधिवत घट स्थापना की गई। वहीं, पहाड़ी पर स्थित दुर्गा माता मंदिर को फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक बिजली सजावट से सजाया गया। मंदिर परिसर में तैयार किए गए गरबा पंडाल ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

नगर के पुराना चांदेसी माता मंदिर, भंवरासिया माता मंदिर, नीमच रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर, तोपखाना स्थित भंवरासिया माता मंदिर, खाकलदेव मंदिर और भेरूजी मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर शुभमुहूर्त में नवरात्र स्थापना की गई। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां दुर्गा की आराधना की गई।

नवरात्र महोत्सव को लेकर नगर के विभिन्न स्थानों पर गरबा मंडलों में भी उत्सवी माहौल रहा। मां चोटिला गरबा मंडल, मां चौथ माता गरबा मंडल, आजादपुरा नवयुवक गरबा मंडल, नवदुर्गा गरबा मंडल, जय मां अंबे गरबा मंडल और श्री चारभुजानाथ नवयुवक गरबा मंडल में शाम 3.20 बजे मूर्ति स्थापना की गई।

घट स्थापना और मूर्ति स्थापना के साथ ही बड़ी सादड़ी में नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया। आगामी दिनों में विभिन्न गरबा मंडलों में आयोजन होंगे, जिनमें श्रद्धालु गरबा नृत्य के साथ मां दुर्गा की आराधना और भक्ति में रमेंगे। नगर के मंदिरों और गरबा पंडालों में शुरू हुए धार्मिक आयोजनों से नवरात्र का उत्साह दिखाई देने लगा है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story