बड़ी सादड़ी में चुनाव न लड़ने को लेकर पत्नी की नौ दिन की तपस्या, पति ने लिया प्रण
बड़ी सादड़ी नगर पालिका चुनाव से पहले अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार प्रकाश धाकड़ के चुनाव नहीं लड़ने के प्रण को लेकर पत्नी कनकमाला ने नौ की तपस्या की। पति के वादे के बाद यह मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

तस्वीर में बड़ी सादड़ी में पारिवारिक सदस्यों के साथ बैठे समाजसेवी प्रकाश धाकड़ और उनकी पत्नी नजर आ रहे हैं, जिनके सामने मेज पर भोजन की थाली रखी हुई है।
बड़ी सादड़ी नगर पालिका चुनाव को लेकर जहां पूर्व पार्षदों, वर्तमान पार्षदों, दोनों दलों के युवा नेताओं और अन्य दावेदारों में चुनाव लड़ने की कशमकश चल रही है, वहीं नगर में एक अलग ही मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष पद के अनारक्षित होने के बाद प्रबल दावेदार माने जा रहे समाजसेवी प्रकाश धाकड़ की पत्नी धर्म सहायिका कनकमाला ने पति के चुनाव नहीं लड़ने के प्रण को लेकर नौ की तपस्या कर अभिग्रह धारण किया।
कनकमाला ने धर्म मुनि महाराज जी की सुशिष्या महा साध्वी अपर्ण प्रज्ञा मसा की प्रेरणा से यह तपस्या की। बताया गया कि धर्म सहायिका के सुस्वाहक प्रकाश धाकड़ के चुनाव नहीं लड़ने के प्रण को लेकर उन्होंने नौ की तपस्या कर अभिग्रह धारण किया। इसके बाद उनके पति प्रकाश धाकड़ ने सबके सामने चुनाव नहीं लड़ने का प्रण लेकर पत्नी की तपस्या गर्म पानी पिलाकर पूरी कराई।
इस घटनाक्रम की चर्चा बड़ी सादड़ी नगर में हो रही है। प्रकाश धाकड़ को नगर पालिका अध्यक्ष पद के अनारक्षित होने के बाद प्रबल दावेदार माना जा रहा था। वे पूर्व पार्षद, पूर्व जिला आयोजन समिति अध्यक्ष और वर्तमान बड़ी सादड़ी ओम शांति गौशाला के अध्यक्ष हैं। उन्हें पूर्व विधायक और पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, पूर्व विधायक छगनलाल सिसोदिया तथा वर्तमान बड़ी सादड़ी विधायक एवं सहकारिता मंत्री गौतम दक का खास माना जाता है।
प्रकाश धाकड़ के चुनाव नहीं लड़ने का प्रण लेने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे कई लोगों के चेहरों पर चमक आ गई है और वे अपनी-अपनी रणनीति में जुट गए हैं। बड़ी सादड़ी नगर पालिका चुनाव में चुनाव लड़ने के इच्छुक राजनीतिक दलों और दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एक ओर जहां दावेदार चुनावी तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर पत्नी द्वारा पति से चुनाव नहीं लड़ने का वादा लिया जाना नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बड़ी सादड़ी नगर पालिका के आगामी चुनावों के लिए 25 वार्डों का आरक्षण सोमवार को तय हो गया। अध्यक्ष पद पहले ही अनारक्षित घोषित किया जा चुका है। जिला मुख्यालय पर लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से सभी वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया। कुल 25 वार्डों में से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 3, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 1, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 5 और शेष 16 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
वार्ड आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब बड़ी सादड़ी में चुनावी समीकरणों में तेजी से बदलाव की उम्मीद है। संभावित दावेदार अपने-अपने वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज करेंगे। अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से पालिका की अगली कमान को लेकर राजनीतिक दलों और दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रकाश धाकड़ के चुनाव नहीं लड़ने के प्रण के बाद बड़ी सादड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पद की दौड़ में नए राजनीतिक समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
