बड़ी सादड़ी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। इसी बीच वार्ड 17 से निर्वाचित पार्षद विनोद रांका के लापता होने की शिकायत के बाद उनके परिजन और जैन समाज के लोग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने पार्षद की तलाश के लिए टीम गठित की है।

अध्यक्ष पद के लिए दोपहर 1 बजे वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस पार्षद ममता बाबेल पत्नी मनोज बाबेल ने नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावक वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस पार्षद मुस्तफा हुसैन रहे। इसके बाद दोपहर 2 बजे वार्ड नंबर 6 से भाजपा पार्षद विनोद कंठालिया ने उपखंड अधिकारी के समक्ष नगर पालिका सभागार भवन में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पेश किया। भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक वार्ड नंबर 21 से भाजपा पार्षद चंद्रभान सिंह सोलंकी रहे।



बड़ी सादड़ी नगरपालिका बोर्ड में कुल 25 पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में बहुमत के लिए 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी होगा। मौजूदा बोर्ड में कांग्रेस के 13 और भाजपा के 12 पार्षद हैं। कोई निर्दलीय पार्षद नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के पास बहुमत के लिए जरूरी 13 पार्षदों की संख्या मौजूद है। अध्यक्ष पद के लिए कुल दो नामांकन दाखिल हुए हैं।

अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले वार्ड 17 से पार्षद बने विनोद रांका के लापता होने की शिकायत उनके परिवार और जैन समाज के लोगों ने बड़ी सादड़ी थाने में दी। इसके बाद पार्षद की तलाश और सुरक्षा की मांग को लेकर परिजन और समाज के लोग धरने पर बैठ गए।

परिवार और समाज की ओर से प्रशासन को ज्ञापन भी दिया गया। इसमें आरोप लगाया गया कि चुनाव नतीजे आने के तुरंत बाद कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता और पदाधिकारी नवनिर्वाचित पार्षदों को शहर से बाहर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए हैं। ज्ञापन के अनुसार वार्ड 17 से चुने गए विनोद रांका भी इसमें शामिल हैं। रांका का मोबाइल बंद है और परिवार, समर्थक या अन्य लोग उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।

परिवार और समाज के लोगों ने प्रशासन से विनोद रांका की मौजूदा स्थिति और जगह का तुरंत पता लगाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि रांका अपनी मर्जी से जहां हैं, वहीं रहें और उन पर किसी तरह का दबाव या गलत असर न हो।

मामले में थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि पुलिस पूरी कार्रवाई कर रही है। लापता पार्षद को ढूंढने के लिए टीम बनाई गई है।

इसी बीच लापता बताए जा रहे पार्षद विनोद रांका ने अज्ञात स्थान से वीडियो जारी कर कहा कि उनका मोबाइल खराब हो गया है और वह घूमने आए हैं।

अध्यक्ष पद सामान्य अनारक्षित सीट होने के बावजूद कांग्रेस की ओर से सामान्य महिला का नामांकन दाखिल किए जाने को लेकर मतदाताओं के बीच विरोध भी सामने आ रहा है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार सामान्य महिला का नामांकन भरने का निर्णय बहुत सोच-समझकर और मंथन के बाद किया गया है। भाजपा भी अपने पक्ष में समीकरण बनाने में लगी हुई है। ऐसे में 25 सदस्यीय बोर्ड में 13-12 के मौजूदा संख्याबल के बीच अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण अहम हो गए हैं।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story