बड़ी सादड़ी नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी रणनीति के अनुसार पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के सहकारिता मंत्री गौतम दक जनता के बीच विकास का विजन लेकर वोट मांग रहे हैं, वहीं कांग्रेस के बद्रीलाल जगपुरा भ्रष्टाचार और जिंक अपशिष्ट को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता से समर्थन मांग रहे हैं। दोनों दलों के प्रत्याशी मतदाताओं के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं, लेकिन मतदाता फिलहाल मौन हैं।

कुछ कट्टर समर्थक अपनी-अपनी पार्टी की जीत के दावे जरूर कर रहे हैं, लेकिन मतदाता किसे वोट करेंगे, इसका अंदाजा लगाना मीडिया के लिए भी मुश्किल हो रहा है। मतदाता जब-जब मौन होता है, तब परिणाम चौंकाने वाले आते हैं। बड़ी सादड़ी नगरपालिका में बोर्ड किसका बनेगा, इस पर अभी कुछ भी लिखना जल्दबाजी होगी।

हालांकि भाजपा बोर्ड बनने का दावा कर रही है। सट्टा बाजार में भी भाजपा की जीत पर सट्टा लगाने वाले तैयार बैठे हैं, जबकि कांग्रेस अभी मंथन करने में लगी है।

इसी बीच बड़ी सादड़ी नगरपालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को अपना विजन-संकल्प पत्र और घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस प्रत्याशी बद्रीलाल जाट ने प्रेस वार्ता में शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान का रोडमैप रखा। उन्होंने कांग्रेस का बोर्ड बनने पर नगरपालिका को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का दावा किया।

बद्रीलाल जाट ने कहा कि कांग्रेस का बोर्ड बनने पर हर सप्ताह पांच-पांच वार्डों में जनसुनवाई की जाएगी। इसकी शुरुआत वार्ड 1 से होगी और क्रमवार सभी वार्डों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। मौके पर ही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बिजली, पानी, सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क, नाली और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के लिए टोल फ्री व्यवस्था शुरू करने का वादा किया। उनका कहना है कि इससे लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नगरपालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कांग्रेस ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और बाईपास का काम आगे बढ़ाने को भी प्राथमिकता में रखा है। जाट ने कहा कि बाईपास जिस भी कारण से रुका है, संबंधित पक्षों से बातचीत कर उसका समाधान किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उचित मुआवजा देकर जमीन उपलब्ध कराने या वैकल्पिक जमीन तलाशने की बात कही।

घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार मुक्त नगरपालिका, पारदर्शी प्रशासन, सड़क-नाली व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों में सरकारी धन के उचित उपयोग का वादा किया गया है। जाट ने कहा कि वर्तमान में पट्टा बनवाने में लोगों को हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। कांग्रेस का बोर्ड बनने पर ₹500 में पट्टा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

बड़ी सादड़ी नगरपालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुद्दों और रणनीति को लेकर मुकाबला तेज हो चुका है। दोनों दलों के प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की चुप्पी ने चुनावी नतीजे को लेकर तस्वीर फिलहाल स्पष्ट नहीं होने दी है। ऐसे में नगरपालिका में बोर्ड किस दल का बनेगा, इसका फैसला मतदाताओं के रुख से ही होगा।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story