बेगूं: बैरवा समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां, समितियां गठित
जोगणिया माता में आयोजित बैठक में 5 मई 2026 को होने वाले षष्टम सामूहिक विवाह सम्मेलन हेतु भोजन, आवास और सुरक्षा समितियों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां।

अखिल भारतीय बैरवा (जटिया) समाज आम चौखला द्वारा सामाजिक समरसता और एकता की मिसाल पेश करने हेतु प्रस्तावित षष्टम आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ सहित अन्य क्षेत्रों के समाजजनों की सहभागिता वाले इस भव्य आयोजन को लेकर जोगणिया माता स्थित समाज की धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का खाका खींचा गया। आगामी 5 मई 2026 को आयोजित होने वाले इस सामूहिक सम्मेलन के सफल क्रियान्वयन हेतु समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार, मांगलिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 4 मई को सायं 6:15 बजे गणपति स्थापना एवं बासन कार्यक्रम के साथ होगा। मुख्य आयोजन दिवस 5 मई, मंगलवार को प्रातः 7 बजे बारात का आगमन होगा, जिसके पश्चात 8 बजे स्वागत सत्कार और 9 बजे मायरा भरने की रस्म अदा की जाएगी। समाज के इस समागम में दोपहर 11 बजे से प्रीतिभोज का आयोजन रखा गया है, वहीं दोपहर 12:15 बजे पधारे हुए अतिथियों का विधिवत स्वागत किया जाएगा। सायंकालीन सत्र में 4 से 6 बजे तक भव्य बंदौरी निकाली जाएगी। विवाह की मुख्य रस्में रात्रि 9:15 बजे तोरण और 10:15 बजे पाणिग्रहण संस्कार के साथ संपन्न होंगी। मध्यरात्रि 12:15 बजे नवदम्पतियों के लिए आशीर्वाद समारोह और अंततः रात्रि 2:15 बजे विदाई का समय निर्धारित किया गया है।
बैठक के दौरान व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इसमें भोजन, पेयजल, पंडित व्यवस्था, साफ-सफाई, केटर्स, दूल्हा-दुल्हन के वस्त्र, तोरण तथा दहेज सामग्री सहित अन्य तमाम आवश्यक प्रबंधों के लिए समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं को उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं। समाज के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में समाज बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि यह सामूहिक विवाह सम्मेलन न केवल सामाजिक एकता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि फिजूलखर्ची पर लगाम लगाकर सरल और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को समाज में मजबूती से स्थापित करेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
