बड़ीसादड़ी में अपशिष्ट हटाने के लिए जिला प्रशासन और हिंदुस्तान जिंक की बैठक
वर्षा ऋतु से पूर्व कैचमेंट क्षेत्र की सफाई के लिए मंत्री गौतम दक और जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने डंपरों की संख्या बढ़ाकर मलबे के त्वरित निष्कासन के निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ में बड़ीसादड़ी क्षेत्र के कैचमेंट एरिया से वर्षा पूर्व अपशिष्ट हटाने को लेकर आयोजित बैठक में सहकारिता मंत्री गौतम दक, जिला कलक्टर डॉ. मंजू और अन्य प्रशासनिक अधिकारी चर्चा करते हुए।
बड़ीसादड़ी क्षेत्र में अपशिष्ट पदार्थ हटाने और जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सोमवार को निर्णायक रुख अपनाते हुए तत्काल त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक की मौजूदगी में जिला प्रशासन, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के अधिकारियों तथा संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्षा ऋतु से पूर्व कैचमेंट क्षेत्र को पूर्णतः साफ करने का स्पष्ट निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान मंत्री गौतम दक ने हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपशिष्ट पदार्थ हटाने के कार्य में बिना किसी विलंब के गति लाई जाए तथा कल से ही डंपरों की संख्या बढ़ाकर मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि यह विषय आमजन के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा हुआ अत्यंत संवेदनशील मामला है, इसलिए इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और अपशिष्ट पदार्थ को त्वरित रूप से हटाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व कैचमेंट एरिया में पड़े मलबे का पूर्ण निष्कासन सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें डॉ. विमल नागौरी, निवर्तमान नगरपालिका उपाध्यक्ष मुस्तफा अली बोहरा, रणजीत झाला, प्रवीण दक एवं पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी शामिल रहे। डॉ. विमल नागौरी ने क्षेत्र में अपशिष्ट हटाने की कार्रवाई में और अधिक गति की आवश्यकता बताई, जिस पर सभी पक्षों ने सहमति जताते हुए डंपरों की संख्या बढ़ाकर कार्य को तेज करने पर एकमत निर्णय लिया।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने हिंदुस्तान जिंक के अधिकारियों की टीम को मंगलवार से मौके पर अधिकतम संसाधनों के साथ पहुंचकर अपशिष्ट हटाने के कार्य को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने संघर्ष समिति को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण की निरंतर निगरानी करेगा और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अवाप्ति) रामचंद्र खटीक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पूरा प्रशासनिक अमला इस मुद्दे पर सक्रिय होकर कैचमेंट क्षेत्र की शीघ्र सफाई और जनस्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिक लक्ष्य मानकर कार्यरत है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
