बड़ीसादड़ी: पर्युषण पर्व में 10 उपवास के बीच तपस्वियों ने किया मतदान
जैन धर्म के कठिन नियमों का पालन करते हुए मोहित और ज्योति ने वोट डालकर नागरिक कर्तव्य निभाया।

तस्वीर में मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी नीली स्याही दिखाते मोहित और ज्योति।
बड़ीसादड़ी में जैन धर्मावलंबियों के पावन पर्युषण पर्व के चतुर्थ दिवस पर जैन दिवाकर प्रवचन हॉल में भक्ति और राष्ट्रधर्म का अनोखा संगम देखने को मिला। गुणानुवाद सभा के दौरान पूज्य महासाध्वी अपर्णप्रज्ञा मसा ने युवा तपस्वी मोहित मेहता (मोनू) एवं ज्योति नागोरी को 10-10 उपवास के प्रत्याख्यान करवाए। हॉल में मौजूद श्रावक-श्राविकाओं ने गगनभेदी जयकारों के साथ दोनों तपस्वियों की उग्र तपस्या की अनुमोदना की।
तपस्या के कठोर नियम के बीच दोनों तपस्वियों ने नागरिक कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए मिसाल पेश की। प्रत्याख्यान ग्रहण करने के तुरंत बाद तपस्वी मोहित मेहता और ज्योति नागोरी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का तप की मुस्कान के साथ प्रयोग किया।
तपस्वियों की उंगलियों पर लगी नीली स्याही उनके चेहरे की मुस्कान और आत्मबल को और निखार रही थी। तपस्वियों की मुस्कान में मतदान की स्याही रंग भरती हुई प्रतीत हुई।
कठिन साधना और तप की अवस्था में भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपने फर्ज को निभाने का यह कार्य नगर में चर्चा और प्रेरणा का विषय बना हुआ है।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
